फतेहाबाद। निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम फतेहाबाद राजेश कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को 40-फतेहाबाद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के बीएलए-1 के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्र के वितरण एवं संग्रहण कार्य की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर निर्वाचक पंजीयन अधिकारी राजेश कुमार ने सभी बीएलए-1 से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे मतदाताओं से संपर्क कर सहयोग करें, जिन्होंने अभी तक अपने भरे हुए ईएफ प्रपत्र संबंधित बीएलओ को जमा नहीं करवाए हैं, ताकि वे 14 जुलाई से पूर्व अनिवार्य रूप से अपने प्रपत्र जमा करवा सकें। साथ ही जिन क्षेत्रों में अभी तक बीएलए-2 की बैठक संबंधित बीएलओ के साथ आयोजित नहीं हुई है, वहां तुरंत बैठक आयोजित करवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र मतदाता का गणना प्रपत्र समय पर जमा नहीं होता है, तो उसका नाम 21 जुलाई को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित रह सकता है। इसलिए सभी बीएलए-1 अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं को जागरूक करते हुए समय-सीमा के भीतर प्रपत्र जमा करवाना सुनिश्चित करें।