फतेहाबाद। जनस्वास्थ्य विभाग कर्मी को क्रेडिट कार्ड के रिवार्ड प्वाइंट खाते में ट्रांसफर करने का झांसा देकर 22,793 रुपये की ठगी कर ली गई। शक्ति नगर निवासी भाजपा के शहरी मंडल प्रधान शम्मी धींगड़ा के बेटे सागर की शिकायत पर शहर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में सागर ने बताया कि वह पब्लिक हेल्थ विभाग में कौशल रोजगार योजना के तहत तैनात है। 10 जून को उसके मोबाइल नंबर पर फोन आया और उसने कहा कि वह एक्सिस बैंक से बोल रहा है। आपके क्रेडिट कार्ड पर 5400 रिवार्ड प्वाइंट मिले हैं। इसे कंवर्ट करके शॉपिंग कर सकते हैं या फिर नकद भी निकाल सकते हैं। इसके बाद व्हाट्एप नंबर पर लिंक भेजा गया और उसने लिंक पर क्लिक किया और बैंक की मोबाइल एप खोलने के लिए कहा गया। इसके बाद मोबाइल नंबर पर ओटीपी आया। जिसे उसने दर्ज कर दिया। इसके बाद क्रेडिट कार्ड से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन से 14,246 और 8,547 रुपये कट गए। इसके बाद उसने साइबर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज करवाई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू की है। संवाद