चेक वितरित करते पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली। स्त्रोत- प्रवक्ता।
टोहाना। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा नेता देवेंद्र सिंह बबली ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी के राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला पर कटाक्ष किया है। बबली ने इस बार बराला के विधायक कार्यकाल (2014_2019) को निशाने पर लिया है। बबली ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही है किसी भी सूरत में भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बबली ने टोहाना में विकास कार्यों की गति धीमी होने के सवाल पर कहा कि खंड पंचायत एवं विकास कार्यालय के निर्माण का कार्य कुछ अन्य कारण से रुका था। ठेकेदार को कुछ लोगों द्वारा परेशान करने का काम किया गया था। ये बात जब संज्ञान में आई तो विभाग से बात करके काम शुरू करवाया था।
बबली ने कहा अब यह 2014 से 2019 वाला वाला समय नहीं है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही है। बबली के कहा कि 2019 से 2024 तक वे भाजपा सरकार में सहयोगी रहे और अब भाजपा के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा है। ऐसे में उनकी पूरी जिम्मेदारी बनती है कि टोहाना में गुंडागर्दी न होने दें। व्यापारी, बहन-बेटी सभी सुरक्षित हो। विकास कार्य न रुके और आमजन की जेब न कटे।
प्रशासन के जो अधिकारी अपने काम को अच्छे से कर रहे हैं उनको भी घबराने की जरूरत नहीं है। वे अपना काम पूरी ईमानदारी से करें। हरियाणा सरकार जीरो टॉलरेंस पर काम करना चाहती है और वे भी टोहाना में जीरो टॉलरेंस पर काम करवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बबली ने इससे पूर्व अपने निवास पर सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं को सहयोग के चेक भी वितरित किए।
बता दें कि पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली और राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला के बीच 36 का आंकड़ा है। बबली कई बार मंचों के माध्यम से सुभाष बराला का बिना नाम लिए कटाक्ष कर चुके हैं। अब बबली ने वर्ष 2014 से 2019 के बीच सुभाष बराला के विधायक रहते हुए के कार्यकाल को निशाने पर लिया है।