टोहाना रोड पर गोशाला के पास कैंटर चालक की लापरवाही ने जन्मदिन पर ही बच्चे की जान ले ली। लोहे की शीट लदी कैंटर के चालक के अचानक ब्रेक लगाने से शनिवार दोपहर बाइक पीछे से कैंटर से टकरा गई, जिससे बाइक पर सवार बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता जख्मी हो गए। जानकारी के अनुसार बच्चा शनिवार को जन्मदिन मनाने के लिए अपने माता-पिता के साथ शहर से केक लेकर आ रहा था। शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
परिजनों ने बताया कि गांव रायपुर का अवतार सिंह दोपहर को बाइक पर अपनी पत्नी व आठ वर्षीय बेटे सुखमन के साथ शहर में उसके जन्मदिन के लिए केक व अन्य सामान लेने आए थे। जब शहर से सामान और केक आदि खरीद कर बाइक पर अपने गांव वापस जा रहे थे तभी शहर की सीमा के बाहर गोशाला के पास कैंटर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। कैंटर में लोहे की शीट लदी हुई थी और शीट की नोक बाइक की डिग्गी पर बैठे बच्चे के गले में धंस गई। गले पर गहरी चोट लगने के कारण उसे गंभीर अवस्था में रतिया के सरकारी अस्पताल में लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। चिकित्सकों ने माता-पिता को हल्की चोटें लगने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेजने के साथ पुलिस को सूचना दी। जांच अधिकारी दिलबाग सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर लापरवाही से वाहन चलाने के आरोपी अज्ञात चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।