फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में मरीजों को लैब टेस्टिंग रिपोर्ट के लिए अब लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए अस्पताल में बायोकेमेस्ट्री एनालाइजर लैब टेस्टिंग मशीन लगने जा रही है। मशीन अस्पताल में आ चुकी है और इसे इंस्टॉल करने का काम इसी सप्ताह शुरू हो सकता है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार मशीन के शुरू होने के बाद एक घंटे में करीब 40 सैंपलों की रिपोर्ट मिल जाएगी। जबकि पहले एक घंटे में 5 से 6 सैंपलों की ही रिपोर्ट आ रही है। नागरिक अस्पताल में मरीज को रिपोर्ट के लिए एक से दो दिन तक भी इंतजार करना पड़ता है। नई मशीन शुरू होने के बाद मात्र एक घंटे में ही रिपोर्ट मिल जाएगी।
15 लाख की मशीन लगेगी निशुल्क
नागरिक अस्पताल में लगने वाली बायोकेमेस्ट्री एनालाइजर लैब टेस्टिंग मशीन करीब 15 लाख रुपये की है। इसे एक निजी कंपनी निशुल्क रूप से अस्पताल में लगाएगी। मशीन के साथ आरओ प्लांट लगेगा और इसके अलावा मशीन के लिए टेबल भी तैयार होगी।
मशीन में हो सकेंगे 15 से ज्यादा तरह के टेस्ट
नागरिक अस्पताल में लगने वाली मशीन में आरएफटी, एलएफटी, लिपिड प्रोफाइल, ब्लड शुगर, यूरिक एसिड समेत कई तरह के टेस्ट हो पाएंगे। इन टेस्टों में जहां पहले काफी समय लगता था। अब इनके लिए मरीजों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
अस्पताल में रोजाना होते है 250 से 300 टेस्ट
नागरिक अस्पताल में रोजाना 550 से 600 मरीजों की ओपीडी होती है। इसमें से डॉक्टर द्वारा 250 से 300 मरीजों के टेस्ट करवाए जाते हैं। अस्पताल में टेस्टिंग लोड ज्यादा होने और संसाधन कम होने के चलते मरीजों को रिपोर्ट के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है।
वर्जनअस्पताल में बायोकेमेस्ट्री एनालाइजर मशीन लग रही है। इससे एक समय में 40 से ज्यादा सैंपल लग सकेंगे। मरीजों को जल्द सैंपल रिपोर्ट मिल जाएगी। पहले मशीन में एक-एक सैंपल लगाना पड़ता है और इससे रिपोर्ट आने में समय लग जाता है। नई मशीन जल्द इंस्टॉल हो जाएगी। इससे कम समय मिलेगा और मरीजों की परेशानी दूर होगी।
- डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन
फोटो नंबर 19 और 27