भट्टू कलां। गांव पीलीमंदोरी के पास बाइक सवार की सड़क दुघर्टना में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार 47 वर्षीय पूर्व सैनिक हवा सिंह निवासी बगला जिला हिसार अपने ससुराल गांव माखोसरानी से दोपहर बाद बाइक पर सवार होकर भट्टू कलां की ओर आ रहा था।
जब वह गांव पीलीमंदोरी के पास पहुंचा तो संतुलन बिगड़ने से बाइक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। पेड़ से टकराने पर वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास के लोगों ने उसे घायल अवस्था में एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भट्टू कलां पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर भट्टू कलां थाना प्रभारी राधेश्याम सीएसची पहुंचे। जिन्होंने मृतक के परिजनों को सूचित कर कार्रवाई शुरू की है।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए फतेहाबाद भेजा जाएगा। आगे की कार्रवाई परिजनों के बयान के आधार पर होगी।