शहर से खाद्य सामग्री लेकर घर लौट रहे साइकिल सवार बुजुर्ग को कार चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की सूचना पाकर पहुंची शहर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में गांव कन्हड़ी निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि उसके पिता 74 वर्षीय धर्मपाल साइकिल पर घर का सामान लेने के लिए टोहाना आए हुए थे। वह भी अपनी मोटरसाइकिल पर किसी अन्य काम से टोहाना आया हुआ था। उसने बताया कि शाम के समय जब उसके पिता साइकिल पर घर वापस जा रहे थे तो वह उनके पीछे बाइक पर जा रहा था। उसने देखा कि नरवाना मोड़ से पहले ऑल्टो कार चालक ने उसके पिता की साइकिल को टक्कर मार दी। उसने कार को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन आरोपी वहां से भाग गया। मामले की सूचना पाकर पहुंची शहर पुलिस ने बयान के आधार पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद