नगरपालिका भूना के चेयरमैन पद पर भाजपा और वाइस चेयरमैन पद पर कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया है। भाजपा में जहां चेयरमैनी को लेकर उत्साह है, वहीं वाइस चेयरमैन छिन जाने से मायूसी भी साफ झलक रही है। चुनाव में वार्ड नंबर पांच की राखी वाल्मीकि चेयरमैन चुनी गईं। वाइस चेयरमैन पद पर अशोक तंवर के खासमखास अनिल कंबोज नढ़ा वाइस चेयरमैन चुने गए।
शुक्रवार को नगरपालिका भूना में सभी 15 पार्षदों को चुनावी बैठक से पहले एसडीएम संत लाल पचार ने शपथ दिलाई। शपथ के बाद चुनावी प्रक्रिया शुरू हुई। इसमें 15 पार्षदों के अतिरिक्त फतेहाबाद के विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने भी मत का प्रयोग किया। चुनाव प्रक्रिया में नगरपालिका के सचिव संदीप सोलंकी, नायब तहसीलदार होशियार सिंह जांगड़ा, समाज शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी देसराज कंबोज, अनिल मित्तल, विरेंद्र अहलावत, बलजीत सिंह आदि मौजूद थे।
भाजपा की राखी ने कांग्रेस की सुदेश को हराया :-
नगर पालिका के चुनाव में 15 नव निर्वाचित पार्षद तथा फतेहाबाद के विधायक सहित 16 वोट थे। इनमें चेयरमैन पद के लिए वार्ड नंबर पांच की राखी वाल्मीकि और वार्ड नंबर 12 की सुदेश ग्रोवर ने नामांकन दाखिल किया। वोटिंग के दौरान राखी वाल्मीकि को नौ वोट मिले। जबकि सुदेश ग्रोवर को छह वोट हासिल हुए। इनके अतिरिक्त एक वोट कैंसल हो गया। वाइस चेयरमैन पद के लिए अनिल कंबोज नढ़ा और रहीश उर्फ रीसल ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस में कांग्रेस के समर्थक अनिल नढ़ा को 10 वोट मिले। जबकि भाजपा समर्थक रहीस उर्फ रीसल को मात्र पांच वोटों पर ही संतोष करना पड़ा। जबकि एक वोट कैंसल हो गया।
दूड़ा राम ने बदले समीकरण :-
माना जा रहा है कि वाइस चेयरमैन पद पर भाजपा समर्थक रहीस उर्फ रीसल की करारी हार के पीछे चौधरी दूड़ा राम की राजनीति का ही परिणाम है। जो पार्षद भाजपा के साथ जुड़े थे, उन्हें कांग्रेस के पक्ष में वोट दिलवाने का योगदान दूड़ा राम का महत्वपूर्ण रहा है। इनमें चार पार्षदों को भाजपा अपना पक्का वोट मान रही थी, लेकिन वाइस चेयरमैन के लिए उनके वोट कांग्रेस के अनिल नढ़ा को गए।
डॉ. कश्मीरी कंबोज को दर किनार करने पर भाजपा का हुआ नुकसान :-
भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता राकेश कंबोज के रिश्तेदार डॉ. कश्मीरी लाल कंबोज प्रथम चरण में वाइस चेयरमैन पद के लिए नाम आगे चल रहा था। इसके कारण कंबोज बिरादरी के दो अन्य पार्षद भी डॉ. कश्मीरी के समर्थन में थे। लेकिन कंबोज की अनदेखी करके रहीस उर्फ रीसल का नाम वाइस चेयरमैन के लिए प्रमोट करने पर भाजपा को नुकसान हुआ। क्योंकि कंबोज बिरादरी के तीनों पार्षद एक जुट हो गए और भाईचारा के बीच उपरोक्त पद अपनी बिरादरी में लाना ही उनका उद्देश्य बन गया था। इसलिए संभावना जताई जा रही है कि राजनीति से दूर हटकर उन्होंने अनिल नढ़ा के समर्थन में मतदान किया।
पांचवीं पास बन गई चेयरमैन, बीएससी बीएड हैं वाइस चेयरमैन
वार्ड नंबर पांच की पार्षद एवं अविवाहित 24 वर्षीय राखी वाल्मीकि की शैक्षणिक योग्यता मात्र पांचवीं पास है। उन्होंने एएनएम का कोर्स भी किया है। अविवाहित राखी के पिता मेवा सिंह उर्फ पप्पू लोकसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी थे। इनको करीब 2 हजार वोट संसदीय क्षेत्र सिरसा से प्राप्त हुए थे। नगरपालिका भूना के वाइस चेयरमैन पद पर चुने गए अनिल कंबोज नढ़ा की शैक्षणिक योग्यता बीएससी बीएड है।