बीघड़ रोड पर एक फ्रांसीसी युवक की बाइक सामने से आ रहे पुलिस कर्मियों की बाइक से भिड़ गई, जिसमें दो पुलिस कर्मी और विदेशी युवक घायल हो गया। हादसा बीच रास्ते में गाय के आ जाने के कारण हुआ। स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया।
हादसे में विदेशी युवक और एक एएसआई को हल्की चोट आई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जबकि एक एएसआई के पैर में फ्रैक्चर हो गया, जिसे इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी गौरव शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्हाेंने घायलों से बात की तो दोनों पक्षों ने कार्रवाई से मना कर दिया।
फ्रांस से भारत भ्रमण पर आया 40 वर्षीय थ्री बोल्ट रोबट अमृतसर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर पुष्कर, राजस्थान जाने के लिए रवाना हुआ था। रविवार सुबह जब वह बीघड़ रोड बाईपास पर पहुंचा तो मोटरसाइकिल के सामने अचानक एक गाय आ गई। जिस कारण मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और मोटरसाइकिल सदलपुर से आ रहे बाइक पर सवार ऐलनाबाद चौकी में तैनात एएसआई सुभाष कुमार तथा महेन्द्र कुमार के साथ हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सवार मोटरसाइकिल से दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम में दी और तीनाें को अस्पताल पहुंचाया। जहां पर फ्रांसीसी युवक तथा एएसआई महेन्द्र कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। लेकिन एएसआई सुभाष कुमार को गंभीर चोटें आने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।
पुलिस कर्मियों के घायल होने की सूचना जैसे ही शहर थाने में पहुंची तो अस्पताल में पुलिस कर्मियों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। शहर थाना प्रभारी गौरव शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने उससे बातचीत की तो फ्रांसीसी युवक ज्यादा जानकारी नहीं दे सका। उसने किसी भी कार्रवाई से मना कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने युवक के पासपोर्ट से जानकारियां जुटाई और उसे शहर थाने में ले गई।