भट्टू मंडी में बढ़ती चोरियों को लेकर बाजार बंद की अपील करते विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य।
भट्टू कलां। भट्टू क्षेत्र में नशा व चोरियों की बढ़ रही घटनाओं को लेकर विभिन्न संगठनों और सरपंच एसोसिएशन, व्यापार मंडल द्वारा तीन घंटे के लिए सांकेतिक बंद कर मार्केट कमेटी के समक्ष धरना प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। लोगों ने शहर में रोष मार्च निकाल कर बाजार बंद का आह्वान किया। जिस पर व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर ली। शहर में बंद का व्यापक असर रहा। इस दौरान सरपंच एसोसिएशन के प्रधान चंद्रमोहन पोटलिया, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाष भादू, किसान सभा के जिला प्रधान विष्णुदत्त शर्मा, पंचायत समिति वाइस चेयरमैन बंसीलाल भिगासरा, आप नेता लक्ष्य गर्ग, समाजसेवी हरदीप, डाॅ. एनडी शर्मा, बृजलाल कड़वासरा, विजय जाखड़, प्रदीप पोटलिया, सरपंच राजेश भिंचर, सुभाष मुंड, धर्मवीर गोरछिया, बलजीत बैनीवाल, राजेंद्र माचरा सहित अनेक लोगों ने प्रदर्शन को संबोधित किया।
चोरी नहीं रुकी तो 20 अगस्त को होगी महापंचायत
वक्ताओं ने कहा कि अगर नशा व चोरियां नहीं रुकी और चोरी करने वालों को पुलिस ने जल्द गिरफ्तार नहीं किया तो 20 अगस्त को महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इसमें फतेहाबाद जिले के सभी गांव के सरपंच, व्यापार मंडल व अन्य संस्थाएं भी भाग लेकर प्रशासन का विरोध करेंगी। बढ़ती चोरियों की घटनाओं को रोकने व नशा खोरी पर अंकुश लगाने के मुद्दे को लेकर भट्टू मंडी की अग्रवाल धर्मशाला में रविवार को बैठक होगी। इस बैठक में विभिन्न संगठनों के लोग भाग लेंगे और आगामी रणनीति बनाई जाएगी। कामरेड विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से चोरियों की कई घटनाएं घट चुकी हैं। मगर पुलिस प्रशासन द्वारा अभी तक चोरियों का खुलासा नहीं हो पाया है। वहीं क्षेत्र में नशे की प्रवृत्ति भी लगातार बढ़ती जा रही है। नशेड़ी लोग शहर में आए दिन चोरियों की घटनाओं को अंजाम देते हैं। पुलिस को सख्ती बरतते हुए नशे व चोरियों पर अंकुश लगाना चाहिए।
कोट
पुलिस पूरी सक्रियता से कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए काम कर रही है। छिटपुट घटनाओं को छोड़ दें, तो कोई बड़ी घटना इन दिनों में क्षेत्र में नहीं हुई है। कुछ चोरी की घटनाएं मेरे कार्यकाल से पहले की हैं। मैं नागरिकों को आश्वस्त करता हूं कि भट्टू पुलिस हर समय उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है।
9देवेंद्र सिंह नैन, प्रभारी, भट्टू पुलिस थाना