फतेहाबाद । नवरात्र के अवसर पर श्री दुर्गा मंदिर में वीरवार को धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही। प्रातः काल मंदिर में कलश स्थापना, अखंड ज्योत प्रज्वलन, गणपति पूजन, हवन और माता की आरती संपन्न हुई। शाम को दुर्गा स्तुति पाठ और आरती के बाद माता की चौकी का आयोजन हुआ।
चौकी में फतेहाबाद के सम्मानित कलाकारों अमित मुंजाल, बेबी मोना, ख्वाहिश कपूर, सन्नी सेठी और राही बंधुओं ने अपनी मधुर वाणी में भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को भावविभोर कर दिया। वहीं नक्श मुटरेजा और पलक पलविंद्र ने भी मां भगवती की महिमा का बखान किया। माता का गुणगान करने के बाद दुर्गा मंदिर कमेटी ने राही बंधुओं को सम्मानित किया।
पूजन-अनुष्ठान मंदिर प्रधान राजकुमार गिल्होत्रा, कैशियर विजय जग्गा, नरेश नारंग, श्री दुर्गा युवा संघ प्रधान उमेश चोपड़ा, दीपक जग्गा, अनिल बजाज, नवीन ललित, पंडित महेंद्र शर्मा और अनूप शर्मा की अगुवाई में संपन्न हुआ। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर माता रानी का आशीर्वाद लेने का आह्वान किया।