फतेहाबाद। स्कूलों में कम दाखिलों को लेकर जिले के बीईओ भी गंभीर नहीं हैं। बीईओ कार्यालयों को जिले के 59 स्कूलों से कम दाखिले को लेकर कारण बताओ नोटिस का स्पष्टीकरण लेकर डीईईओ कार्यालय को टिप्पणी समेत रिपोर्ट देनी थी। ये रिपोर्ट सोमवार तक मांगी गई थी। लेकिन बीईओ कार्यालय से जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालयों के पास रिपोर्ट नहीं पहुंची है।
अब डीईईओ कार्यालय मंगलवार को दोबारा से रिमांइडर जारी करेगा। ये हालात तब है जब शिक्षा निदेशालय के निदेशक ने इसको लेकर स्पष्टीकरण स्कूलों से मांगा हुआ है। वहीं बताया जा रहा है कि अधिकतर स्कूल कारण बताओ नोटिस का जवाब बीईओ कार्यालय को दे चुके हैं, लेकिन बीईओ कार्यालय से रिपोर्ट आगे नहीं भेजी गई है। नोटिस के जवाब में बीईओ को भी अपनी टिप्पणी देनी है। बीईओ को बताना है कि जो कारण बताए गए हैं उनसे वह संतुष्ट हैं या नहीं।
बता दें कि शिक्षा विभाग ने 21 मई को जिले के 17 ऐसे राजकीय स्कूल जहां पर पहली कक्षा में एक भी दाखिला नहीं हुआ, 25 ऐसे स्कूल जहां बालवाटिका में एक भी दाखिला नहीं हुआ और 17 ऐसे स्कूल हैं जहां पर 10 से भी कम दाखिले को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।
-
जिले में ये है दाखिले को लेकर स्थिति
वर्ष 2023-24 में हुए दाखिले - 1 लाख 1 हजार
वर्ष 2024-25 में अब तक हुए दाखिले - 95,089
शिक्षा विभाग द्वारा दिया गया लक्ष्य - 1 लाख 21 हजार
वे 17 स्कूल जहां आठवीं तक 10 से भी कम हुए दाखिले
स्कूल कुल दाखिले
राजकीय प्राइमरी स्कूल ढाणी बनमंदोरी 1
राजकीय मिडिल स्कूल गदली 9
राजकीय मिडिल स्कूल सिंथला 2
राजकीय प्राइमरी स्कूल ढाणी बिश्रोईयान 9
राजकीय प्राइमरी स्कूल अहली चुघ 5
राजकीय प्राइमरी स्कूल ढाणी एसआर डेलू 6
राजकीय प्राइमरी स्कूल ढाणी मुस्सा 7
राजकीय प्राइमरी स्कूल गढ़ चंदेरी 8
राजकीय प्राइमरी स्कूल नरेल 4
राजकीय प्राइमरी स्कूल कासिमपुर 5
राजकीय प्राइमरी स्कूल भूरथली 7
राजकीय प्राइमरी स्कूल प्लॉट ब्राम्हणवाला 6
राजकीय प्राइमरी स्कूल खैरपुर 9
राजकीय प्राइमरी स्कूल ढाणी इंदाछुई 1
राजकीय प्राइमरी स्कूल कोठे मोडावाला 6
राजकीय प्राइमरी स्कूल गिरनो 9
राजकीय प्राइमरी स्कूल ढाणी लखुवाली 9
बालवाटिका और प्राइमरी में दाखिले न होने और कुछ स्कूलों में 10 से कम दाखिले को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। बीईओ कार्यालय से रिपोर्ट आनी है। जिन्होंने रिपोर्ट नहीं भेजी है मंगलवार को रिमाइंडर भेजा जाएगा।
- वेद सिंह दहिया, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी