फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: क्रिकेट सट्टेबाजी से बना कर्जदार लेनदारों से परेशान हो लगाया फंदा

Fri, 20 Jun 2025 11:29 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
यश नागपाल, मृतक
विज्ञापन
फतेहाबाद। क्रिकेट सट्टे की लत में फंसकर कर्जदार हुए रेडिमेड कपड़े की दुकान के सेल्समैन रामनिवास मोहल्ला निवासी यश नागपाल (28) ने वीरवार रात को घर में फंदा लगा लिया। शहर पुलिस ने मृतक यश की बहन शीनू के बयान पर अज्ञात के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज किया है।
विज्ञापन

आरोप है कि उसका भाई क्रिकेट सट्टेबाजों के चंगुल में फंसकर कर्जदार हो गया था। वे उसे बार-बार रुपये देने के लिए परेशान कर रहे थे। ऐसे में उसके भाई ने मानसिक रूप से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल अभी तक ये सामने नहीं आया है कि यश नागपाल पर कितना कर्जा था। मामले के मुताबिक यश नागपाल हांसी निवासी एक विवाहित महिला के साथ सहमति संबंध में रह रहा था। मृतक के माता-पिता की मौत पहले हो चुकी है।
वीरवार रात को यश महिला से अलग दूसरे कमरे में सोया हुआ था। शुक्रवार सुबह जब महिला उठाने के लिए पहुंची तो उसने यश को फंदे पर लटके देखा। इस पर उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक की बहन शीनू के बयान पर कार्रवाई की।
विज्ञापन

पुलिस को दिए बयान में शीनू ने बताया कि उसका भाई चार मरला कॉलोनी में एक रेडिमेड कपड़ों की दुकान पर सेल्समैन था। काफी समय से उसे जुआ व क्रिकेट सट्टेबाजी की लत लगी हुई थी। इसी सट्टेबाजी में वह काफी रुपये हार गया। इस कारण से उस पर काफी कर्जा हो गया। सट्टेबाज बार-बार पैसे मांगकर उसे परेशान कर रहे थे। बताया जा रहा है कि यश दो दिन से दुकान पर भी नहीं जा रहा था और उसका मोबाइल फोन भी सट्टेबाजों ने ले लिया था।
- -

क्रिकेट सट्टे में 15 लाख हारने पर एक युवक पहले कर चुका है आत्महत्या का प्रयास

क्रिकेट सट्टे में 15 लाख हारने पर एक अन्य युवक आत्महत्या का प्रयास कर चुका है। इस मामले में शहर पुलिस ने युवक की पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज कर चुकी है। क्रिकेट सट्टा खेलने के लिए राशि लेकर आईडी देने और 15 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाने के आरोप में शहर पुलिस ने भट्टा कॉलोनी निवासी नीरू बाला की शिकायत पर आरोपी भूषण नागपाल निवासी कनफेक्शनरी की दुकान लालबत्ती चौक, अमित गिल्होत्रा, राजन ग्रोवर, साहिल सोनी के खिलाफ 11 जून को मामला दर्ज किया था। शिकायत में महिला ने बताया था कि पति के पास कर्जा उतारने के लिए राशि नहीं है और ये लोग उससे पैसे मांग रहे है। 15 मई को उसका पति आत्महत्या करने की कोशिश कर चुका है।

- -

12 सट्टेबाजों के खिलाफ जारी हो चुका है लुकआउट सर्कुलर

क्रिकेट सट्टे और ऑनलाइन गेमिंग के खिलाफ पुलिस विभाग करीब 20 दिन में तीन मामले दर्ज कर चुका है। इन मामलों में चार आरोपी भी पकड़े जा चुके हैं। जिसमें एक महिला भी शामिल हैं। इनसे पूछताछ के बाद 12 सट्टेबाजों के नाम सामने आ चुके हैं। इनको लेकर पुलिस विभाग लुकआउट सर्कुलर भी जारी कर चुका है। पुलिस इनकी प्रॉपर्टी अटैच करने की भी तैयारी में है। पुलिस ने 29 मई को बीघड़ रोड पर एक मोबाइल फोन की दुकान ठगी करने के मामले में आरोपी पंकज को गिरफ्तार किया था। इस मामले में पुलिस ने मोहित चौधरी, उषा चौधरी निवासी चौधरी कॉलोनी और हिसार निवासी मन्नू के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मामले में पुलिस उषा चौधरी को जांच में शामिल कर चुकी है। इसके अलावा भट्टा कॉलोनी निवासी अनिल मल को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। अनिल को तीन दिन के रिमांड पर लिया गया था। पुलिस ने अनिल से लैपटॉप बरामद किया था। 31 मई को शहर पुलिस ने क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवाने के मामले में शिव नगर निवासी गगन को पकड़ा था। गगन से पूछताछ के बाद आरोपी प्रवीन उर्फ पीनू को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान पीनू से लैपटॉप बरामद किया गया था। इसके बाद पुलिस के सामने अब ये तीसरा मामला सामने आया है।

-

जांच जारी, उसी आधार पर होगी कार्रवाई

शहर थाना प्रभारी ओमप्रकाश बताया कि मृतक की बहन की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की फिलहाल जांच जारी है। जांच के दौरान जो सामने आएगा, उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें