जिला बार एसोसिएशन के आज होने वाले चुनाव के लिए वीरवार को काफी गहमा-गहमी रही। शुक्रवार को बार एसोसिएशन के प्रधान एवं उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। जबकि सचिव, वित्त सचिव एवं सहसचिव पदों के लिए पहले ही सर्वसम्मति हो चुकी है।
प्रधान पद के लिए नरेश सचदेवा, कौशल महता व बिजेन्द्र डूडी में मुकाबला है। उपाध्यक्ष पद के लिए विष्णु डारा व नरेश सोनी के बीच कड़ी टक्कर है। इससे पूर्व दयानंद सिवाच को सचिव, सतेंद्र बिश्नोई को वित्त सचिव व सुधीर नारंग को सहसचिव मनोनीत कर दिया गया है। चुनाव विष्णु दत्त मांझू, रमेश मोंगा व प्रदीप बैनीवाल की देखरेख में होंगे।
कमेटी के विष्णु दत्त मांझू ने बताया कि मतदान सुबह 10 से शाम 4 बजे तक बार रूम में होंगे। चार बजे के बाद मतगणना होगी। और उसी समय विजेता के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।
इस चुनाव में 23 नवंबर को तैयार हुई मतदाता सूची के वोटर ही मतदान कर सकेंगे। इस सूची के अनुसार 437 सदस्य वैध वोटर हैं। वीरवार देर सायं तक सभी प्रत्याशी अपने पक्ष में घर-घर जाकर वोटों की अपील करते नजर आए।