फतेहाबाद। भट्टू रोड पर शुक्रवार को थ्रीव्हीलर में सवार राजस्थान के एक व्यक्ति का बैग उचक्का उड़ा ले गया। बैग में करीब 20 हजार रुपये की नकदी थी। इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।
राजस्थान के चुरू जिला के गांव गादड़ निवासी रामचंद्र ने बताया कि वह गांव भोडियाखेड़ा में अपनी बहन से मिलने के लिए आया था। उसने बैंक से रुपये निकलवा रखे थे और बैग में डाले हुए थे। उसने बताया कि बस स्टैंड से उतरने के बाद वह अपने रिश्तेदार कन्हैयालाल शर्मा के घर जाने के लिए ऑटो में बैठ गया। इस दौरान प्यास लगने पर भट्टू रोड पर वह ऑटो से उतर कर पानी पीने के लिए गया और पीछे से अज्ञात शख्स ने उसके बैग पर हाथ साफ कर दिया, जिसके बाद वहां पर हंगामा शुरू हो गया। रामचंद्र ने बताया कि उसके बैग में करीब 20 हजार रुपये की नकदी थी। शहर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
तीन दिन में तीसरी वारदात
शहर में चोरी व स्नेचिंग की तीन दिनों में यह तीसरी वारदात है। इससे पहले बुधवार सुबह करीब चार बजे बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता पीसी शर्मा से कबीर बस्ती के पास एक युवक ने छुरी दिखाकर उनसे 1130 रुपये की नकदी छीन ली थी। यही नहीं वीरवार को सुबह करीब 11 बजे भट्टू रोड पर अनाजमंडी के आढ़ती कमल नैन से बाइक पर आए तीन युवकों ने भट्टू रोड से ही ढाई तोले सोने का कड़ा छीन लिया था। शुक्रवार को भी भट्टू रोड पर दिनदहाड़े रामचंद्र का बैग अज्ञात व्यक्ति चुराकर ले गया।
फोटो 23