फतेहाबाद। स्वास्थ्य विभाग चिरायु योजना के तहत अब तक 1.25 लाख लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बना चुका है। शनिवार को विभाग इन्हें कार्ड देने जा रहा है लेकिन सीएससी ने एक साथ सभी को कार्ड जारी करने से मना कर दिया है। मात्र 1600 लाभार्थियों को ही विभाग शनिवार को कार्ड जारी करेगा। जिले में 74 गांवों और 21 वार्ड में शिविर लगाकर लाभार्थियों को कार्ड दिए जाएंगे।
बता दें कि लाभार्थियों को ये कार्ड स्वास्थ्य विभाग निशुल्क देगा। जिन गांवों में ये कार्ड दिए जाने हैं उन 74 गांवों की स्वास्थ्य विभाग ने सूची जारी की है। आयुष्मान कार्ड लेने के लिए लाभार्थी को परिवार पहचान पत्र साथ लाना होगा। इसके अलावा पीपीपी में जो मोबाइल नंबर दर्ज है उस पर ओटीपी जाएगा। ओटीपी दर्ज होने के बाद ही आयुष्मान कार्ड निकल पाएगा। आयुष्मान कार्ड के लिए फतेहाबाद शहर के 9 वार्डों, भूना के 5 वार्डों, रतिया के 1 वार्ड, टोहाना के 6 वार्डों और 74 गांवों में शिविर लगेंगे।
पांच लाख लोगों बनाए जाने हैं कार्ड
जिले में आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख 7 हजार लाभार्थियों के कार्ड बनाए जाने हैं। चिरायु योजना के तहत 1.25 लाख लाभार्थी के बन चुके हैं। इसके अलावा पहले करीब 1.30 लाख लाभार्थी के कार्ड बन चुके हैं। करीब ढाई लाख लाभार्थी के कार्ड बनाए जा चुके हैं।
किरढ़ान में मंडलायुक्त देंगी आयुष्मान कार्ड
गांव किरढ़ान में चिरायु योजना के तहत आयुष्मान कार्ड लाभार्थी को देने के लिए कार्यक्रम आयोजित होगा। यहां आयोजित कार्यक्रम में मंडल आयुक्त गीता भारती आएंगी और लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड देंगी।
कोट
जिले में चिरायु योजना के तहत करीब 1.25 लाख लाभार्थी के कार्ड बनाए जा चुके हैं। शनिवार को ये कार्ड लाभार्थी को दिए जाएंगे। फिलहाल शनिवार को 1600 लाभार्थियों को ये कार्ड दिए जाने हैं, सीएससी डीएम की तरफ से सूची दी गई है।
-डॉ. कुलदीप गौरी, उप सिविल सर्जन