फतेहाबाद के सिविल सर्जन कार्यालय में बैठक करते हुए अधिकारी स्त्रोत स्वास्थ्य विभाग
फतेहाबाद। जिले में घटते लिंगानुपात को सुधारने और पीसी-पीएनडीटी एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सिविल सर्जन कार्यालय में जिला समुचित प्राधिकारी व जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. बुधराम ने की।
बैठक के दौरान जिले में संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटरों की गतिविधियों और पीसी-पीएनडीटी एक्ट के तहत जारी निर्देशों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित निरीक्षण और जागरूकता गतिविधियां चलाई जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के 13 मई को जारी निर्देशों पर भी चर्चा की गई।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन गांवों में लिंगानुपात 900 से कम है वहां विशेष अभियान चलाए जाएं। इन गांवों में समय-समय पर रैलियां निकालने के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में यह भी बताया गया कि महिला एवं बाल विकास विभाग हरियाणा की ओर से जिले के अधिकारियों को सराहनीय कार्य के लिए प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया है।
जिले ने लिंगानुपात सुधार के मामले में प्रदेशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। अधिकारियों ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है और भविष्य में भी अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। बैठक में जिला न्यायवादी देवेंद्र कुमार मित्तल, सहायक जिला न्यायवादी नवदीप बलहारा, पीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. निरपाल चंद, डॉ. नीति पूनिया, डॉ. मनीष टुटेजा, डॉ. वरुण मुंजाल, कानूनी सलाहकार विपिन सरदाना सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।