टोहाना। रेलवे ने एक रेलगाड़ी के अप डाउन को दो महीने के लिए कैंसिल करने जबकि एक अन्य के अप डाउन को सप्ताह में एक दिन रद्द करने की सूचना जारी की है। इसको लेकर रेलवे स्टेशन पर सूचना चस्पा कर दी है। छिंदवाड़ा रेलगाड़ी को आगरा मंडल के अंतर्गत आने वाले मथुरा जंक्शन यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते बंद किया गया है, वहीं अवध आसाम को कोहरे के चलते सप्ताह में एक दिन रद्द किया है।
रेलवे विभाग के अनुसार फिरोजपुर से चलकर छिंदवाड़ा जाने वाली रेलगाड़ी नंबर 14624 को 27 नवंबर से 9 दिसंबर तक रद्द किया है, वहीं छिंदवाड़ा से फिरोजपुर को जाने वाली रेलगाड़ी नंबर 14623 को 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक रद्द कर दिया है, इसके अलावा विभाग द्वारा लालगढ़ से डिब्रूगढ़ को जाने वाली 15910 अवध असम रेलगाड़ी को सप्ताह में एक दिन बुधवार को बंद किया गया है। यह रेलगाड़ी दिसंबर से 27 फरवरी तक सप्ताह में एक दिन रद्द रहेगी। वहीं 15909 अवध असम डिब्रूगढ़ से लालगढ़ आने वाली रेलगाड़ी को 4 दिसंबर से 26 फरवरी तक सप्ताह में एक दिन प्रत्येक सोमवार को रद्द किया गया है, जिसके चलते आमजन व व्यापारी वर्ग को काफी नुकसान होगा। दैनिक रेल यात्री संघ के हरजीत सिंह ने बताया कि मथुरा स्टेशन के कार्य के चलते छिंदवाड़ा गाड़ी को रद्द किया गया है जबकि अवध आसाम को होने वाले कोहरे के चलते बंद सप्ताह में एक दिन कैंसिल किया है। उक्त रेलगाड़ियों के लगातार चलने से आमजन को लाभ मिल रहा था, अब इसको कैंसिल होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
दोनों रेलगाड़ियों के रद्द होने से संबंधित सूचना नोटिस बोर्ड पर लगा दी गई है ताकि यात्रियों को परेशानी न आएं। यह उच्चाधिकारियों का फैसला है।
-मुंशीराम, स्टेशन अधीक्षक टोहाना