रतिया। चरित्र पर शक के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की तेजधार हथियार से हत्या करने का प्रयास किया और बेटे को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने वार्ड नंबर-14 निवासी महिला की शिकायत पर उसके भाई के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि उसका भाई अपनी पत्नी और बेटे के साथ उसके घर रह रहा था। शिकायत में आरोप लगाया कि उसका भाई अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। गत दिवस रात को वह अपने मकान के प्रांगण में सोई हुई थी और उसका भाई, उसकी भाभी भी उसी प्रांगण में सोए हुए थे। रात को वह अपनी भाभी के चिल्लाने की आवाज सुनकर उठ गई तो उसने देखा उसका भाई लोहे के तेजधार हथियार से उसकी भाभी पर वार कर रहा था। उसने शोर मचाकर लोगों को उठाया और भाई को दूर किया। महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसका भतीजा उस दिन रिश्तेदारों के साथ लगते घर में सोया हुआ था और भाई ने हमें धमकी देते हुए कहा कि अगर आज बेटा यहां होता तो वे उसे भी मार देता। पुलिस ने महिला की शिकायत पर भाई के खिलाफ धारा 307 506 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस बारे में पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई राधा कृष्ण ने बताया कि एक महिला ने शिकायत में भाई के खिलाफ अपनी पत्नी और बेटे को जान से मारने का प्रयास और जान की धमकी देने का मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।