भूना में छीना झपटी का शिकार हुआ युवक घटना के बारे में बताते हुए ।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद रोड पर सरकारी दूध डेयरी के पीछे खेतों में तीन नकाबपोश युवकों ने मोटरसाइकिल चालक को रोककर चाकुओं से हमला कर दिया। हमलावर 27 हजार रुपये सहित अंगूठी तथा गले से सोने की चेन छीनकर ले गए। घायल को उसके दोस्तों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में दाखिल करवाया लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद उसे फतेहाबाद रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार श्याम विहार कॉलोनी उकलाना रोड भूना निवासी 35 वर्षीय विकास उर्फ विक्की पुत्र लोकनाथ रेल्हन सोमवार सायं अपने खेत से बुलेट मोटरसाइकिल पर आ रहा था। खेतों के कच्चे रास्ते पर तीन नकाबपोश युवकों ने उसकी मोटरसाइकिल को रोक लिया। विक्की रेल्हन से तीनों नकाबपोश बदमाशों ने उसका लाइसेंसी पिस्टल देने के लिए धमकाया। विक्की ने बताया कि सोमवार को वह लाइसेंसी पिस्तौल घर पर छोड़ कर आया था। बदमाशों ने यह सुनते ही विकास उर्फ विक्की रेल्हन पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसकी जेब से 27 हजार रुपये नकद, हाथ सेे अंगूठी तथा गले से सोने की चेन को छीन लिया। हमलावरों ने विकास उर्फ विक्की रेल्हन की छाती व हाथों पर चाकू से कई वार किए और फरार हो गए। घायल विक्की ने पार्षद प्रतिनिधि पवन कुमार दहिया को फोन करके घटना के बारे में अवगत करवाया। जिसके बाद उसके दोस्तों ने घायल अवस्था में विक्की को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में पहुंचाया गया।
तीन में से दो बदमाशों ने मारे चाकू : विकास उर्फ विक्की रेल्हन ने बताया कि खेतों में नरमे की फसल से अचानक निकलकर कच्चे रास्ते पर एक साथ आए तीनों नकाबपोश बदमाशों ने उसकी बाइक को रोक लिया। एक ने उसको दबोच लिया तथा दो ने चाकुओं से हमला किया। चाकू के तीन वार उसकी छाती में तथा चार बार हाथों में लगे।
इस संबंध में एडिशनल एसएचओ कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही तीनों नकाबपोश लोगों की तलाश के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई। घायल विकास उर्फ विक्की के बयान लेकर तीन नकाबपोश हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।