फतेहाबाद। सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर जांचने के लिए मंगलवार को परीक्षाएं शुरू हो गईं। कक्षा बालवाटिका से लेकर तीसरी तक के विद्यार्थियों का शिक्षकों ने निपुण हरियाणा मोबाइल एप पर सावधिक आकलन शुरू किया गया है। इसके अलावा कक्षा 11 वीं के विद्यार्थियों की संगीत विषय और बारहवीं के विद्यार्थियों की कंप्यूटर की परीक्षा ली गई। मंगलवार को पहले दिन कक्षा पहली और दूसरी के 8,700 विद्यार्थियों की परीक्षा ली गई। इसके अलावा कक्षा 11 वीं और 12 वीं के साढ़े 13 हजार विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
मोबाइल एप पर दी विद्यार्थियों ने परीक्षा
निपुण हरियाणा के तहत विद्यार्थियों का शैक्षणिक मूल्यांकन करने के लिए कक्षा पहली और दूसरी के विद्यार्थियों की हिंदी विषय की परीक्षा ली गई। निपुण हरियाणा के तहत शिक्षकों को एप जारी की गई। इस एप पर शिक्षा विभाग की तरफ से प्रश्न पत्र जारी किया गया। एप पर विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षा ली गई। एप पर पूछे गए सवालों के विद्यार्थियों ने जवाब दिए। विभाग हिंदी, अंग्रेजी और गणित विषय की परीक्षा ले रहा है। बुधवार को कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों की हिंदी विषय की परीक्षा होगी।
अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं हुई शुरू
शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे कक्षा छठी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं भी शुरू कर दी हैं। पहले दिन कक्षा 11 वीं और 12 वीं के विद्यार्थियों की परीक्षा ली गई। विभाग इन विद्यार्थियों के परिणाम को एमआईएस पोर्टल पर दर्ज करेगा। इसके अलावा पीटीएम भी बुलाई जाएगी, जिसमें रिपोर्ट कार्ड पेश किया जाएगा।
निपुण हरियाणा के तहत बालवाटिका से लेकर कक्षा तीसरी तक के विद्यार्थियों का सावधिक आकलन शुरू हो गया है। मोबाइल एप पर आकलन किया जा रहा है। कक्षा चौथी और पांचवीं की परीक्षा का शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। चुनाव के बाद दोनों कक्षाओं की परीक्षा होगी।
- धर्मपाल गोस्वामी, जिला एफएलएन कोऑर्डिनेटर।
कक्षा छठी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। परीक्षा के लिए विभाग की तरफ से शेड्यूल पहले जारी हो चुका है। - वेद सिंह दहिया, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी