फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: पुलिस सुरक्षा हटते ही बदमाशों ने बरसा दीं ठेकेदार पर गोलियां, बाल-बाल बचे

Thu, 10 Oct 2024 01:25 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
जांडली कला में शराब ठेकेदार पर फायरिंग मामले में जानकारी जुटाते पुलिसकर्मी।
विज्ञापन
भूना। गांव जांडली कलां बस स्टैंड पर बुधवार दोपहर बाद दिनदहाड़े शराब ठेकेदार पर सात फायर करके कुख्यात बदमाश विक्रम भांभू गैंग के चार बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। मगर ठेकेदार द्वारा जवाबी दो फायर करने और आसपास के लोगों द्वारा शोर मचाने पर बदमाश फरार हो गए।
विज्ञापन

वहीं बदमाशों की अंधाधुंध फायरिंग में ठेकेदार बाल-बाल बच गया। पुलिस ने ठेकेदार की शिकायत पर होंडा सिटी कार में आए पांच बदमाशों के खिलाफ हत्या प्रयास व शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 42 वर्षीय शराब ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा बुधवार दोपहर बाद फतेहाबाद से स्कॉर्पियो गाड़ी में अपने सहयोगी सुशील बिढाईखेड़ा के साथ जांडली कलां बस स्टैंड पर पहुंचे।
दोनों ने जोगिंदर उर्फ जोगा के होटल पर आकर रुके तो अचानक भूना की तरफ से होंडा सिटी कार उनके पास आकर रुकी। उसमें से चार बदमाश अपने-अपने दोनों हाथों में हथियार लिए हुए थे और अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा, सुशील बिढाईखेड़ा व जोगिंदर उर्फ जोगा ने स्कॉर्पियो की आड़ लेकर रजवाहे के दूसरी और कूदकर अपनी जान बचाई। ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से बदमाशों पर जवाबी कार्रवाई करते हुए दो फायर किए और सुशील जोगा ने जोर-जोर से ग्रामीणों को बुलाकर बदमाशों को पकड़ने के लिए शोर मचाया।
विज्ञापन

बस स्टैंड पर मौजूद ग्रामीणों के ललकारने के बाद पांचों बदमाश होंडा सिटी कार में सवार होकर फतेहाबाद की ओर फरार हो गए। इन चारों बदमाशों ने अपने हथियारों से सात फायर किए। गनीमत रही कि ठेकेदार व उसके दोनों साथियों में से किसी को भी गोली नहीं लगी, तीनों बाल-बाल बच गए।

डीएसपी व सीफ ऑफ क्राइम प्रभारी भी पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दिनेश कुमार दलबल सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को लेकर जानकारी ली और उच्च अधिकारियों को सूचित किया। डीएसपी जगदीश काजला व सीन ऑफ क्राइम टीम प्रभारी डॉ. जोगिंदर सिंह के अतिरिक्त सीआईए फतेहाबाद प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र भी घटनास्थल पर पहुंचे। हमलावरों की तलाश को लेकर सीआईए व भूना पुलिस की अलग-अलग दो टीमों को जुटा दिया गया है।

शराब ठेकेदार पर पहले भी दो बार हो चुका है हमला, भांभू गैंग से जुड़े हैं तार
शराब ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा ने बताया कि हमलावर बदमाश विक्रम भांभू गैंग से संबंधित होने की आशंका है। विक्रम भांभू उस पर पहले भी गोरखपुर शराब ठेके पर 5 मई 2019 व 8 सितंबर 2019 को जानलेवा हमला कर चुका है। पहले मामले में गैंग के मुख्य सरगना विक्रम भांभू को करीब आठ महीने पहले 10 वर्ष की न्यायालय ने सजा सुनाई थी और वह जेल में बंद है। दूसरे केस में गवाही न्यायालय में हो चुकी है और आरोपियों के खिलाफ फैसला सुनाया जाना बाकी है। गैंगवार के सरगना पर खासा पठाना के शराब ठेकेदार पंकज खुराना की हत्या का भी मामला न्यायालय में विचाराधीन है, उसमें भी गवाहियां हो चुकी हैं।
-
ठेकेदार की जान को खतरा होने के बावजूद पुलिस सुरक्षा हटाई
शराब ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा ने बताया कि वर्ष 2019 में उनके ऊपर जानलेवा हमला होने के बाद एसपी फतेहाबाद के माध्यम से वर्ष 2020 में पुलिस सुरक्षा दी गई थी। मगर जनवरी 2023 में पुलिस सुरक्षा हटा ली गई। ठेकेदार ने बताया कि उनकी जान को खतरा होने के बावजूद पुलिस सुरक्षा हटाने के पीछे बताया गया कि उनका शस्त्र लाइसेंस बन चुका है। गैंगवार से उनकी जान को खतरा है। वीरवार को एसपी से मिलकर पुलिस सुरक्षा देने की गुहार लगाएंगे। विक्रम भांभू गैंग के खिलाफ अभी दूसरे मामले में भी फैसला आना बाकी है, इसलिए उसकी सुरक्षा को बढ़ाया जाना चाहिए।
-
:: शराब ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा पर फायरिंग की गई है। ठेकेदार व उसके साथी सुरक्षित हैं। पुलिस ने ठेकेदार की शिकायत पर पांच बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमला करने व शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस की दो टीम लगी हुई हैं।
विज्ञापन

-जगदीश काजला, डीएसपी, भूना।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें