फतेहाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के बारहवीं कक्षा के जारी हुए परीक्षा परिणाम पिछले साल की तुलना में कम रहा है लेकिन वर्ष 2018 की तुलना में 18.95 फीसदी तक बढ़ा है। वर्ष 2018 में जिले के 68 फीसदी छात्र पास हुए थे जबकि छह सालों बाद ये पास प्रतिशत बढ़कर 87 फीसदी तक पहुंच गया है। हालांकि पिछले साल जिले के 89 फीसदी छात्र पास हुए थे।
इस बार आर्ट्स संकाय में टॉप थ्री में कोई छात्र नहीं आया है जबकि सबसे मुश्किल संकाय माने जाने वाले कॉमर्स और विज्ञान संकाय में पांच छात्र रहे हैं। कॉमर्स संकाय में दो और विज्ञान संकाय के तीन छात्र टॉप थ्री में आए है। बोर्ड ने प्राइवेट छात्रों का रिजल्ट भी जारी किया है। जिले के 213 छात्रों ने परीक्षा दी थी। इसमें 140 छात्र पास हुए हैं और 73 फेल हुए हैं। जिले के 65 फीसदी छात्र पास हुए हैं। अहम बात यह है कि शहरी स्कूलों के मुकाबले ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों का परिणाम बेहतर रहा है।
पिछले आठ सालों में ये रहा है बारहवीं कक्षा का परिणाम
वर्ष प्रतिशत
2017 71.23
2018 68.08
2019 79.92
2020 83.89
2021 100
2022 89.69
2023 87.03
प्रशासन के लक्ष्य से आठ फीसदी रहे दूर
बारहवीं कक्षा के परिणाम को लेकर प्रशासन ने 95 फीसदी का लक्ष्य निर्धारित किया था। लेकिन इससे आठ फीसदी दूर रहे है। जिले का परीक्षा परिणाम 87 फीसदी रहा है। प्रदेश में जिले का स्थान चौथा रहा है।
शत-प्रतिश रहा शांति निकेतन स्कूल ढिंगसरा का परिणाम
शांति निकेतन स्कूल ढिंगसरा के परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। स्कूल के प्रधानाचार्य रणसिंह रेपस्वाल व डायरेक्टर विजय सिंह बाघेला ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने कक्षा बारहवीं का बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है, जिसमें शांति निकेतन स्कूल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। विज्ञान संकाय में अमित कुमार पुत्र साधुराम ने 500 अंकों में से 468 अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान, दिव्या पुत्री मांगेराम ने 451 अंक प्राप्त कर द्वितीय व दीक्षा पुत्री ओम प्रकाश ने 420 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इसी तरह से वाणिज्य संकाय में आरती पुत्री राजपाल ने 500 अंकों में से 457 अंक प्राप्त कर प्रथम, सपना पुत्री दरिया सिंह ने 419 अंक प्राप्त कर द्वितीय व पूजा पुत्री श्री बंसी लाल ने 415 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया है और कला संकाय में दीपिका नेहरा पुत्री श्याम सिंह ने 500 अंकों में से 478 अंक प्राप्त कर प्रथम, नैन्सी पुत्री बलराज सिंह ने 477 अंक प्राप्त कर द्वितीय व आरजू पुत्री कुलदीप ने 470 अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
जिले में दूसरे स्थान पर रहने पर बांटी मिठाई
गांव समैन के मॉडल डीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थी अजय सिंह ने बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में कॉमर्स संकाय से जिला फतेहाबाद में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। अजय ने कॉमर्स संकाय में 484 अंक प्राप्त किए है। इस उपलब्धि के लिए विद्यालय के अध्यापकों ने लड्डू बांटकर खुशी मनाई। स्कूल के एमडी सुभाष गिल ने बताया कि उनके स्कूल के विद्यार्थी अजय पुत्र बलिंद्र सिंह ने बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में कॉमर्स संकाय से 484 अंक प्राप्त करके जिलेभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। स्कूल के प्रिंसिपल तेजवीर सिंह ने भी अजय को इस विशेष उपलब्धि पर बधाई दी है। इस अवसर पर स्कूल के अध्यापक अंजू गिल,भीम सिंह,राममेहर, कप्तान व गुरबिन सिंह शामिल रहे।
कोट
जिले के टॉप थ्री में सरकारी स्कूल के दो छात्र पहले स्थान पर रहे है। ये सबसे बड़ी उपलब्धि है। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों का हर साल बारहवीं कक्षा का परिणाम बेहतर रहता है। प्रयास है कि सरकारी स्कूलों के सभी छात्र इसी तरह से मुकाम हासिल करें।
-दयानंद सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी