मंडी में बाजरे की सफाई करते मजदूर।
फतेहाबाद। जिले में धान और बाजरा की खरीद में तेजी आई है, लेकिन उठान प्रक्रिया में देरी हो रही है। मंगलवार को फतेहाबाद और भट्टू की अनाज मंडियों में 9 किसानों ने बाजरा की खरीद के लिए गेटपास कटवाए, जिससे अब तक कुल 18.60 मीट्रिक टन बाजरा खरीदी गई है। वहीं, धान की खरीद के लिए 558 किसानों ने गेटपास कटवाए हैं और अब तक 3,559.40 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है। जिले के 13 खरीद केंद्रों और अनाज मंडियों में धान की खरीद प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
हालांकि, जिले में धान की आवक में तेजी आ गई है, लेकिन नमी की अधिकता के कारण धान की खरीद में देरी हो रही है। इससे अनाज मंडियां धान की ढेरियों और बोरियों से भरने लगी हैं। फिलहाल, 3,559.40 मीट्रिक टन धान की खरीद तो हो चुकी है, लेकिन इसका उठान अब तक शुरू नहीं हो पाया है। इस दौरान किसानों ने अपनी फसल को मंडी में सूखने के लिए बिछा रखा है, जिससे फतेहाबाद की पुरानी अनाज मंडी पूरी तरह से भर चुकी है।
मौसम में आए बदलाव के चलते किसान तेजी से धान की कटाई कर रहे हैं, जिससे मंडियों में धान की आवक और अधिक हो गई है। किसानों का कहना है कि अगर बारिश होती है, तो इससे फसल में नमी की मात्रा बढ़ जाएगी, जिससे कटाई का काम प्रभावित हो सकता है।