जाखल में किसान संघर्ष समिति ने 23 फरवरी को हलका विधायक देवेंद्र बबली और सिरसा लोकसभा से सांसद सुनीता दुग्गल के जाखल पहुंचने पर विरोध करने का एलान किया है। किसान संघर्ष समिति ने कहा है कि अगर हलका विधायक और सांसद को काले झंडे दिखाकर कृषि कानून के खिलाफ अपना विरोध जताएंगे। किसान संघर्ष समिति की बैठक देवीलाल पार्क में ब्लॉक प्रधान लाभ सिंह उदयपुर और उप प्रधान जगसीर जग्गी महल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि 23 फरवरी को उक्त दोनों नेता जाखल नगरपालिका कार्यालय में नगर पालिका प्रधान के खिलाफ डाले जाने वाले अविश्वास प्रस्ताव को लेकर वोटिंग करने पहुंचेंगे। इस दौरान वह उनका विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार से जुड़े सभी नेताओं का वह लगातार विरोध करते आए हैं।
अविश्वास प्रस्ताव को लेकर बैठक में लेंगे भाग
बता दें कि जाखल नगर पालिका प्रधान सीमा रानी के खिलाफ पार्षदों द्वारा प्रस्तुत किए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर 23 फरवरी को बैठक रखी गई है जिसमें नगर पालिका के प्रशासनिक अधिकारियों सहित प्रधान एवं सभी पार्षदों को इसमें वोटिंग करने के लिए पहुंचना है। इसी प्रक्रिया में हलका विधायक देवेंद्र सिंह बबली व सांसद सुनीता दुग्गल को भी बैठक में हिस्सा लेते हुए अपना वोट डालने के लिए प्रशासन की ओर से आमंत्रित किया हुआ है। इसकी सूचना किसानों को मिलने पर किसानों ने उनकी घेराबंदी की योजना तैयार कर ली है। इस बैठक में ब्लॉक के विभिन्न समिति पदाधिकारी सतीश कुमार सिधानी, जगतार उदयपुर, लखविंदर साधनवास, मनदीप साधनवास, गुरसेवक कासमपुर, रंजीत नड़ैल, सोनी नड़ैल, गुरविंदर नड़ैल, नसीब जाखल, जरनैल सरोये अमनदीप सिंह म्योंद कलां, जगतार म्योंद कलां और निर्मल मुंदलियां, ताराचंद आदि किसान मौजूद रहे।