फतेहाबाद के शहर थाना में जहर खाने के बाद अस्पताल में उपचारधीन महिला
फतेहाबाद। हुडा सेक्टर स्थित शहर थाना में वीरवार सुबह महिला ने ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से क्षुब्ध होकर जहरीला पदार्थ पी लिया। महिला को गंभीर हालत में लेकर उसका भाई मोटरसाइकिल से नागरिक अस्पताल में पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
शहर के रतिया रोड स्थित गुरुद्वारा श्री झाड़ साहिब के पास निवासी गुरचरण सिंह ने बताया कि उसकी बहन गुरमीत कौर की शादी करीब 15 साल पहले फाजिल्का निवासी गुरप्रताप सिंह के साथ हुई थी। काफी समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा है। बहन की प्रताड़ना को लेकर ससुरालजनों के खिलाफ शिकायत पिछले साल दिसंबर माह में एसपी कार्यालय में दी गई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच काउंसिलिंग चलती रही। बताया जा रहा है कि महिला अपने भाई गुरचरण सिंह के साथ शहर थाना में इसी मामले को लेकर गई थी। उसके भाई गुरचरण सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस उनकी सुनवाई नहीं कर रही और कोई कार्रवाई नहीं कर रही, जिसके बाद उसकी बहन ने तंग होकर जहरीला पदार्थ पी लिया। थाने में ही महिला की हालत बिगड़ गई। मौके पर वीडियो भी बनाई गई, जिसमें महिला सिटी थाना परिसर में बेसुध हालत में दिख रही है। उसके भाई ने आरोप लगाया कि हालत खराब होने के बाद भी उसको वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया। वह अपनी बहन को मोटरसाइकिल से नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अग्रोहा रेफर कर दिया गया।
रोज थाने में जाते हैं, लेकिन सुनवाई नहीं होती
मेरी बहन 31 दिसंबर 2022 को एसपी कार्यालय में शिकायत दी थी। यहां से शिकायत शहर थाना में पहुंची थी। मामले में कार्रवाई को लेकर रोजाना थाना जाते हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। हर बार नई तारीख दे दी जाती है। इसी से तंग होकर बहन ने थाना में जहरीला पदार्थ पी लिया।
-गुरचरण सिंह, महिला का भाई
कार्रवाई न होने की बात सही नहीं है। महिला की शादी 15 साल पहले पंजाब में हुई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों को 8 तारीख को थाने में बुलाया हुआ है। महिला और उसका भाई इसी मामले में आईओ के पास आए तो उन्हें इस बारे में कहा गया कि 8 तारीख को दूसरे पक्ष को बुलाया हुआ है। मामले में जांच चल रही है।
-जगदीश काजला, डीएसपी