जाम लगाकर प्रदर्शन करने वालो को समझाती पुलिस
टोहाना। शहर में बिजली-पानी की समस्या को लेकर लोगों ने नेशनल हाईवे 148बी चंडीगढ़ रोड पर रेलवे ओवरब्रिज के पास सड़क पर जाम लगा दिया। जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी।
वहीं जाम लगाने की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ रोड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने प्रदर्शनकारियों को समझाया जिसके बाद करीब 20 मिनट में जाम खुल सका। प्रदर्शन कर रहे सुरेश, रमेश व मदन ने बताया कि वार्ड एक और दो में पिछले दो-तीन दिनों से बिजली-पानी का संकट बना हुआ है। घरों में नहाने और पीने तक का पानी नहीं मिल रहा।
बिजली न होने से रात में सो तक नहीं पाते हैं। कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन सुनवाई नहीं कर रहा। मजबूरन उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।उल्लेखनीय है कि सुबह वार्ड 9 पंजाबी मोहल्ला के लोगों ने भी बिजली कटौती के खिलाफ निगम के दफ्तर के बाहर नारेबाजी की थी।
उनका कहना था कि बिजली समस्या से रोजमर्रा के काम ठप हो गए हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।