फतेहाबाद। नागरिक अधिकार मंच की बैठक पटवार भवन में सम्पन्न हुई। इसकी अध्यक्षता पृथ्वी सिंह बाना (सेवानिवृत्त वेटनरी डॉक्टर) ने की, जबकि संचालन मंच के संयोजक राजीव सेतिया ने किया। इस दौरान शहर की विभिन्न कॉलोनियों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था, सीवरेज व्यवस्था, वर्षा जल निकासी सहित मूलभूत नागरिक समस्याओं के बारे में चर्चा की गई।
बैठक में वर्ष 2021 में स्थानीय निकाय क्षेत्र में शामिल हुई हंस कॉलोनी, आजाद नगर, स्वामी नगर, हरनाम कॉलोनी, कालिदास कॉलोनी आदि क्षेत्रों में सीवरेज सुविधा के अभाव तथा गरीब बस्तियों के निवासियों पर लगाए गए अनुचित एवं अत्यधिक विकास शुल्क पर चिंता व्यक्त की गई। बैठक में फैसला लिया गया कि इस बारे में जल्द ही प्रशासन से मिला जाएगा।
इसके अतिरिक्त बुढ़ापा पेंशन, परिवार पहचान पत्र से संबंधित आमजन को आ रही समस्याओं, जिला पुस्तकालय के लिए भूमि आवंटन में देरी, दीनदयाल पार्क के पास 15 मरले खाली भूमि पर बैडमिंटन कोट बनवाने, वॉकिंग व साइकिलिंग ट्रैक निर्माण में विलंब पर चर्चा होगी। इसके अलावा रेलवे बुकिंग काउंटर बनवाने, भोड़िया खेड़ा स्थित खेल मैदान की बदहाली, बिजली दरों में वृद्धि तथा बढ़ती नशाखोरी जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में नगर परिषद की कार्यप्रणाली को जनविरोधी बताते हुए कहा गया कि मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी आम नागरिकों के साथ अन्याय है। इन सभी मुद्दों पर नागरिक अधिकार मंच की ओर से प्रशासन से शीघ्र मुलाकात करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही 30 जनवरी को महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम होगा।
8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस तथा शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव के शहीदी दिवस पर अन्य संगठनों के सहयोग से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। मंच की हर महीने नियमित बैठक आयोजित करने पर भी सहमति बनी। बैठक में संयोजक राजीव सेतिया, सह-संयोजक दुष्यंत शर्मा, डॉ. पृथ्वी सिंह बाना, पार्षद मोहनलाल नारंग, पार्षद प्रतिनिधि योगी हंसराज, सतीश कुमार जिलेदार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।