रतिया। आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर यूनियन हरियाणा के आह्वान पर बुधवार को ब्लॉक प्रधान मोनिका रानी के नेतृत्व में रतिया ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व हेल्परों ने एक दिन की हड़ताल कर एसडीएम कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया और मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन दिया।
प्रदर्शन में ब्लॉक प्रधान मोनिका के अलावा जिला महासचिव बीरमा रानी, कोषाध्यक्ष अमृतपाल कौर , सुलेखा रानी , हरप्रीत कौर ,वीरपाल कौर ,मीना रानी ,कश्मीर कौर, अंजू कौर, रोमा रानी, छिंदो आदि शामिल थे। उन्होंने कहा कि बार-बार हर महीने फेस कैप्चर करना उनके लिए कठिनाई का विषय बन गया है। पोषण ट्रैकर की एप भी ठीक प्रकार से कार्य नहीं करती और जो सरकार ने उन्हें फोन दिए हैं उनमें इतनी मेमोरी नहीं है कि इस कार्य को ठीक प्रकार से कर सके। समय पर मानदेय आंगनबाड़ी का किराया और मीटिंगों के पैसे वर्दी के पैसे और फोन रिचार्ज के पैसे समय पर दिए जाएं ताकि कार्य सुचारू रूप से चलाया जा सके।