फतेहाबाद। जिलेभर की आंगनबाड़ी वर्करों और हेल्पर्स ने शुक्रवार को डीसी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स यूनियन के बैनर तले एकत्रित कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष जताया।
प्रदर्शन की अध्यक्षता यूनियन नेता सुनीता झलनियां ने की जबकि सीटू नेता बेगराज ने समर्थन दिया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी को मांगपत्र सौंपा।
यूनियन की प्रमुख मांगों में गुजरात की तर्ज पर ग्रेच्युटी लागू करना, आंगनबाड़ी और क्रैच वर्करों के मानदेय में क्रमश: 1500 व 750 रुपये की वृद्धि तथा केंद्र सरकार के हिस्से का पिछले 10 महीनों से लंबित मानदेय जारी करना शामिल है। इसके अलावा केंद्रों का किराया सीधे वर्करों के खाते में भेजने, लंबित वर्दी, ईंधन व दलाई-पिसाई के भुगतान और मोबाइल रिचार्ज के लिए वार्षिक 3600 रुपये देने की मांग भी उठाई गई।
यूनियन नेता सुनीता ने कहा कि सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देती है लेकिन आंगनबाड़ी वर्करों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में माया बेनीवाल, संदीप कमाना, पिंकी बबनपुर, पम्मी लालवास, कमलेश, दर्शना माजरा और कमला सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर मौजूद रहीं।