भूना। मायके गई पत्नी से फोन पर झगड़ा होने से क्षुब्ध युवक ने अपने खेत में सल्फास की गोली निगल ली। जब वह चिल्लाने लगा तो परिजन मौके पर पहुंचे और इलाज के लिए सीएचसी केंद्र भूना में लेकर पहुंचे। परंतु युवक की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक ने उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, यहां सोमवार देर रात उसकी मौत हो गई। युवक की पहचान भूना निवासी अनिल (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने युवक की मां कमला की शिकायत पर फाजिल्का के हिम्मतपुरा की रहने वाली अनिल की पत्नी रजनी, ससुर दारा सिंह, साले अनिल डेलू व अनीश, चचेरे ससुर जनकराज व उसकी पत्नी तथा अनीश की पत्नी शोभा के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में मृतक की मां कमला देवी ने बताया कि उसके इकलौते बेटे अनिल की शादी करीब 17 साल पहले फाजिल्का के हिम्मतपुरा निवासी रजनी के साथ हुई थी। रजनी ने दो बच्चों को जन्म दिया, जिनमें साढ़े 13 वर्षीय बेटी साइना व 12 वर्षीय बेटा हर्ष शामिल है। शादी के कुछ समय बाद से ही रजनी घर पर अनिल के साथ हर समय झगड़ा करती रहती थी। उसे समझाने के काफी प्रयास किए गए। मगर अनिल के ससुरालजनों ने उनकी एक नहीं सुनी और अपनी बेटी को उकसाते रहे। कई बार पंचायतें भी हुई, मगर पंचायत में रजनी पूरी जमीन अपने नाम करवाने के लिए जिद्द कर रही थी। इसलिए पिछले सात महीने से रजनी अपने मायके में रह रही है। सोमवार को उसके बेटे अनिल ने अपनी पत्नी रजनी के साथ फोन पर लंबी बातचीत की, उसे मनाने का प्रयास किया। मगर रजनी व उसके मायके के लोगों ने उसे बुरा भला कह दिया। इसलिए वह दुखी होकर सल्फास की गोलियां निगल गया। कमला देवी ने बताया कि रजनी की मां अपनी बेटी का घर बसाने के प्रयास कर रही थी। मगर अन्य आरोपियों ने उसकी एक नहीं चलने दी।
कोट
सोमवार शाम को अनिल ने सल्फास की गोलियां खा ली थी। उसकी मौत की सूचना मंगलवार सुबह मिली। पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत पर दो महिलाओं सहित सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
-शादीराम, प्रभारी, भूना थाना