कुलां। गांव कुलां की ढाणियों में बारिश के बाद हुए जलभराव और निकासी व्यवस्था न होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। इस कारण तीन किलोमीटर लंबा मुख्य मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। स्थिति यह है कि किसी के बीमार होने पर चारपाई पर उसे मुख्य रास्ते तक ले जाना पड़ रहा है।
भजनलाल, कृष्ण कुमार, विक्रम, हरपाल, पवन, सुरजीत, राजकुमार, बलवीर सिंह, धर्मपाल, रोहतास, रामफल और रामकिशन सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बीते दिनों हुई बारिश से ढाणियों में पानी भर गया है। इससे जुड़ी सड़क की ईंटें तक उखड़ चुकी हैं और रास्ते में गहरे कटाव बन गए हैं, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस रास्ते के साथ ही करीब 8 एकड़ क्षेत्र में इंदिरा गांधी आवास योजना के तहत प्लॉट आवंटित किए गए हैं, जहां से ग्रामीणों का रोजाना आना-जाना होता है। खराब रास्ते के कारण उनको भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वाहन तो छोड़िए, अब पैदल निकलना भी जोखिम भरा हो गया है। विशेषकर बुजुर्ग, बच्चे और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हैं। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत व प्रशासन से रास्ते का नए सिरे से निर्माण कराने की मांग की है।
-
बीमार वृद्ध महिला को चारपाई की मदद से निकाल कर, पहुंचाया अस्पताल
ग्रामीणों ने बताया कि यदि ढाणी में कोई बीमार पड़ जाएं तो घर तक कोई एंबुलेंस या वाहन नहीं पहुंच पाता है। ढाणी निवासी ग्रामीण भजन लाल बाजिया ने बताया कि बीते दिन उनकी माता की तबीयत बिगड़ गई थी। घर तक वाहन न जा पाने पर मजबूरी में उन्हें अपनी बीमार माता को चारपाई की मदद से सड़क तक लाकर शहर स्थित अस्पताल ले जाना पड़ा।
-
ढाणियों में पानी निकासी की पुख्ता व्यवस्था नहीं है। पाइप लाइन डाल कर ही सही ढंग से जल निकासी हो सकती है, लेकिन इसके लिए सभी ग्रामीण सहमत नहीं है। जल्द ही पंचायत कर सभी के सहमति से इसका हल निकाला जाएगा और टूटे रास्ते को जल्द ही दुरुस्त करा दिया जाएगा।
-रमन, ग्राम सचिव कुलां