फतेहाबाद में एसपी को ज्ञापन सौंपने पहुंचे पूर्व पार्षद व अन्य गणमान्य लोग।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। ठाकर बस्ती में कुछ दिन पहले एक फाइनेंसर को 250 ग्राम हेरोइन और एक लाख की नकदी सहित पकड़े जाने के मामले में नया मोड़ आ गया है। युवक के पिता एवं पूर्व पार्षद रामकुमार जांगड़ा ने एसपी को ज्ञापन देकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। एसपी को दिए ज्ञापन में पूर्व पार्षद रामकुमार जांगड़ा ने गलत केस बनाने और जब्त किए गए अतिरिक्त सामान वापस न लौटाने के आरोप लगाए गए हैं।
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर को पुलिस ने ठाकर बस्ती से पूर्व पार्षद रामकुमार जांगड़ा के बेटे एवं मौजूदा पार्षद के भाई कुलवंत को हिरासत में लिया था। आरोप था कि पुलिस ने उससे लाखों की 250 ग्राम हेरोइन व 1 लाख रुपये बरामद किए हैं। अब युवक के पिता ने अपने ज्ञापन में कहा है कि उसका बेटा कुलवंत फाइनेंस का काम करता है। 31 अक्तूबर की दोपहर 1 बजे पुलिस टीम ने उसके बेटे को ठाकर बस्ती स्थित उसके कार्यालय से उठा लिया। पुलिस ने आरोप लगाया कि वह नशे का व्यापार करता है, जो गलत है। जांगड़ा के अनुसार एफआईआर में लिखा गया कि उसके बेटे को बीच रास्ते रोककर उसकी स्कूटी की तलाशी लेकर नशा बरामद किया गया, जबकि कुलवंत को पुलिस ने उसके कार्यालय से उठाया और मौके से एक डीवीआर, 7 मोबाइल, 1 लाख 23 हजार की नगदी व एक लैपटाप भी ले गई। आरोप है कि शाम को उसके बेटे को वापस उसके कार्यालय के नीचे लाया गया और उससे 253 ग्राम हेरोइन, 1 लाख की नगदी, एक इलेक्ट्रिक स्कूटी व एक मोबाइल की बरामदगी दिखाई गई। उन्होंने बताया कि एसपी ने उन्हें इस मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है।