फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में दवाई लेने के लिए मरीजों की लगी लाइन
फतेहाबाद। आई फ्लू के फैलते संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी विभागों और स्कूलों को हिदायत जारी की है। इसके अलावा ये भी निर्देश दिए हैं कि अगर किसी कार्यालय में अधिकारी या कर्मचारी में आई फ्लू के लक्षण हैं तो छुट्टी लेकर घर पर ही रहें और स्कूलों में भी छात्रों को अवकाश दिया जाएगा।
आईफ्लू संक्रमण एक से दूसरे में फैल सकता है। जिले में बाढ़ ग्रस्त कैंपों में जांच के दौरान एक हजार से ज्यादा आंख रोग से संबंधित मरीज मिल चुके हैं। नागरिक अस्पताल की नेत्र विभाग ओपीडी में भी 100 से 120 तक मरीज आईफ्लू के ही आ रहे है।
ये हैं आईफ्लू के लक्षण
- आंखों का लाल होना
- अत्यधिक आंसू आना
- आंखों से डिस्चार्ज निकलना
- खुजली और जलन
- रोशनी के प्रति संवेदनशीलता
- धुंधली दृष्टि होना
ओपीडी में आई फ्लू के काफी मरीज आ रहे हैं। इससे बचने का सबसे कारगर तरीका है अपने हाथों और अपने आसपास की सफाई रखना। आई फ्लू का इंफेक्शन हाथों के जरिए सबसे ज्यादा फैलता है। हाथों को बार-बार धोना चाहिए। अगर आई फ्लू वाले व्यक्ति के संपर्क में आकर संक्रमित हो जाते हैं तो सबसे पहले खुद को आइसोलेट कर लेना चाहिए। डॉक्टर की सलाह से ही दवा लें।
- डॉ.राजेश चौधरी, नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं एसएमओ नागरिक अस्पताल फतेहाबाद।
आईफ्लू के लक्षणों से ग्रस्त काफी केस सामने आ रहे हैं। बचाव के लिए सावधानी जरूरी है। खुद को आइसोलेट कर लेना चाहिए ताकि संक्रमण आगे न फैल सकें। इस संबंध में स्कूलों और कार्यालयों को भी पत्र लिखकर हिदायत दी है कि अगर किसी में लक्षण है तो उसे छुट्टी दें ताकि वह घर पर आइसोलेट हो सके और संक्रमण न फैले। स्कूलों में खासकर संक्रमण फैलने का ज्यादा खतरा रहता है।
- डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी रोकथाम विशेषज्ञ