भाजपा के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब के जींद जिले के उचाना विधानसभा सीट को लेकर दिए गए बयान पर जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। अजय चौटाला ने कहा कि उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला जिस सीट पर 48 हजार से ज्यादा वोट लेकर जीते है, उस पर वह कैसे क्लेम कर सकते हैं, मुझे समझ में नहीं आता। उन्होंने कहा कि मैं स्पष्ट कर दूं कि प्रदेश में हमारी सरकार नहीं है।
अजय चौटाला सोमवार को फतेहाबाद में जजपा कार्यालय के उद्घाटन करने के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मैं स्पष्ट कर दूं कि प्रदेश में हमारी सरकार नहीं है। हम सरकार में केवल सहयोगी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा-जजपा गठबंधन के समझौते में सीट अगर उनके हिस्से आएगी तो प्रेमलता लड़ लेंगी।
हालांकि भाजपा-जजपा अगला चुनाव एक साथ लड़ेंगे या नहीं यह निर्णय चुनाव के समय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सहयोगी के नाते भी हमने 500 रुपये दो बार में पेंशन बढ़वाने का काम किया है। कांग्रेस का कोई नेता या पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से पूछा जाए कि दस साल के कार्यकाल के दौरान उन्होंने कितने रुपये बढ़ाएं हैं।
पहले दिन ही प्रधानमंत्री एक शब्द बोल देते तो, पहलवानों का मामला इतना बढ़ता ही नहीं
हम पूरी तरह पहलवानों के साथ हैं, उन्हें इंसाफ मिलना चाहिए। जितनी देरी हो रही है, उतनी परेशानी बढ़ रही है। पहले दिन ही प्रधानमंत्री अगर एक शब्द कह देते कि इस मामले की जांच कराएंगे और जो दोषी होंगे, उनको सजा दिलाएंगे तो यह मामला इतना बढ़ता ही नहीं। इस मौके पर जजपा प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।