फतेहाबाद नगर परिषद कार्यालय में जीआईएस कंपनी के अधिकारी को वर्क ऑर्डर देते हुए ईओ
फतेहाबाद। नगर परिषद गृहकर की रिकवरी के लिए शहर के करीब 29 हजार प्रॉपर्टी मालिकों को सोमवार से बिल जारी करने जा रहा है। गाजियाबाद की निजी एजेंसी को नगर परिषद ने काम दिया है जो कि वर्ष 2023-24 के बिल बांटेगी। इसके अलावा बकाया बिल भरने का भी नोटिस दिया जाएगा। एजेंसी सोमवार से काम शुरू करने जा रही है। नगर परिषद ने वर्क ऑर्डर देने के साथ एजेंसी को गृहकर का रिकॉर्ड दे दिया है।।
एजेंसी के कर्मचारी मोबाइल एप के जरिये बिल देंगे और इसके बाद प्रॉपर्टी की फोटो लेंगे। ये रिकॉर्ड रोजाना नगर परिषद को भी जमा करवाया जाएगा। इसके अलावा निदेशालय को भी भेजा जाएगा। शहर में करीब 30 करोड़ रुपये प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। जिसमें सरकारी कार्यालय भी शामिल हैं। एजेंसी के कर्मचारी बिल देने के साथ-साथ मौके पर त्रुटि भी दर्ज करेंगे। इसको लेकर प्रॉपर्टी मालिक संबंधित दस्तावेज भी देने होंगे। एजेंसी कर्मचारी मोबाइल एप्लीकेशन में ही त्रुटि दर्ज करेंगे। इसके बाद रिकॉर्ड नगर परिषद को दिया जाएगा। नगर परिषद इन त्रुटियों को ठीक करेगा। एजेंसी ने पहले चरण में पांच हजार बिल तैयार किए हैं।
एजेंसी को 38 रुपये प्रति बिल होगा भुगतान
नगर परिषद ने बिल बांटने के लिए गाजियाबाद की जीआईएस प्राइवेट लिमिटेड को ठेका दिया है। नगर परिषद एजेंसी को 38 रुपये प्रति बिल के हिसाब से भुगतान करेगी।
नई कॉलोनियों में प्रॉपर्टी सर्वे प्रोजेक्ट रुका
नगर परिषद ने नई कॉलोनियों में प्रॉपर्टी आईडी को लेकर सर्वे का प्रोजेक्ट रोक दिया है। नई कॉलोनियों में प्रॉपर्टी आईडी को लेकर सर्वे करवाया जाना है, इसके बाद प्री असेसमेंट नोटिस दिए जाने है। लेकिन नगर परिषद पहले पुरानी कॉलोनियों में बिल बंटवाकर सर्वे की प्रक्रिया शुरू करेगी। हालांकि नई कॉलोनियों में याशी कंपनी ने सर्वे किया था लेकिन उसे रद कर दिया गया।
कोट
गृहकर बिल बांटने के लिए निजी एजेंसी को ठेका दे दिया गया है। एजेंसी सोमवार से काम शुरू कर देगी। प्रॉपर्टी मालिक अगर बिल में कोई गलती है तो उसे ठीक करवा सकेंगे।
-ऋषिकेश चौधरी, ईओ नगर परिषद