शहर के धर्मशाला रोड के 19 माह बाद अब जल्द हालात सुधरने की उम्मीद है। नगर परिषद ने एजेंसी को धर्मशाला रोड पर सीमेंटेड सड़क बनाने का वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। इसके साथ-साथ रतिया गेट पर बर्फ फैक्टरी वाली गली का भी निर्माण होगा। सन्यास आश्रम रोड को भी तोड़कर दोबारा बनाने के लिए एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। एजेंसी ने काम शुरू करने के लिए लेबर की तलाश शुरू कर दी है। नप अधिकारियों के मुताबिक दो से तीन दिन में धर्मशाला रोड पर सीमेंटेड सड़क बनाने का काम शुरू हो जाएगा।
नप अधिकारियों के मुताबिक 93.79 लाख रुपये से धर्मशाला रोड और संन्यास आश्रम रोड का निर्माण होगा, इसके अलावा 15 लाख रुपये से बर्फ फैक्टरी वाली गली का निर्माण होना है। जनस्वास्थ्य विभाग ने धर्मशाला रोड और बर्फ फैक्टरी वाली गली में निर्माण को लेकर एनओसी जारी कर दी है जबकि अभी संन्यास आश्रम रोड का काम होना शेष है।
19 माह से टूटा है धर्मशाला रोड
धर्मशाला रोड पर जलभराव के चलते नगर परिषद ने जनस्वास्थ्य विभाग को 70 लाख रुपये जारी किए थे। जनस्वास्थ्य विभाग ने नवंबर 2019 में पानी का प्रवाह थाना रोड की तरफ करते हुए पाइप लाइन बिछा दी। लेकिन जब मानसून शुरू हुआ तो हालात बिगड़ गए दो से तीन फुट तक पानी इकट्ठा हो गया और उसे पंप से निकाला गया। 2020 में मानसून के दौरान गड्ढे में गिरने से युवक की मौत हो गई थी। इसके बाद करीब चार माह प्रशासन को ये तय करने में लग गए कि पानी की निकासी कहां पर की जाए। आखिर में ये तय हुआ था कि जनस्वास्थ्य विभाग स्कूल में टैंक बनाएगा और यहां से पानी मोटर के जरिये निकाला जाएगा। हालांकि अभी जनस्वास्थ्य विभाग ने टैंक बनाने का काम शुरू नहीं किया है।
97.38 लाख का नप ने बनाया था एस्टीमेट
धर्मशाला रोड को सीमेंटेड बनाने के लिए नप ने 97.38 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाया था। एजेंसी को माइनस में टेंडर जारी हुआ है। यहां से सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मार्च माह में फाइल मुख्यालय भेजी गई थी लेकिन तकनीकी मंजूरी न मिलने के कारण काम अटका रहा।
कोट
धर्मशाला रोड बनाने का काम जल्द शुरू होने वाला है। एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। एजेंसी दो से तीन दिन में काम शुरू कर देगी।
- अमित कौशिक, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद।