भूना। टोहाना खंड के एक गांव के युवक द्वारा भूना खंड के गांव की नाबालिग से शादी करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। नाबालिग से प्रेम विवाह करने वाले युवक की बहन से भूना खंड के गांव की लड़की के भाई ने दस दिन बाद घर से भागकर प्रेम विवाह कर लिया है।
बता दें कि पुलिस ने भूना खंड के एक गांव निवासी नाबालिग लड़की के पिता की शिकायत पर 12 मार्च को आरोपी बंटी के खिलाफ केस दर्ज किया था। युवक के परिजनों के साथ पंचायती तौर पर नाबालिग को वापस लाने के लिए कई बार प्रयास किया गया। मगर प्रेम विवाह करने वाले युवक और नाबालिग ने घर आने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया। इसके बाद लड़की के भाई ने भी टोहाना खंड के उक्त युवक की बहन से 23 मार्च को घर से भाग कर प्रेम विवाह कर लिया। टोहाना व भूना खंड के दोनों ही गांवों की पंचायत के सामने 7 व 8 अप्रैल को दोनों ही पक्ष के बीच अपनी-अपनी लड़की को समझाने और घर ले जाने पर सहमति बन गई। मगर पुलिस ने टोहाना खंड के लड़के को बहला-फुसलाकर ले जाने व पॉक्सो एक्ट के मामले में गिरफ्तार कर लिया। लड़की की आयु 17 वर्ष 8 महीने थी। पुलिस ने लड़की के 164 के बयान कोर्ट में कलमबद्ध करवाए हैं। कोर्ट में लड़की ने लड़के के पक्ष में बयान दिए और अपने परिजनों के साथ जाने पर तैयार हो गई। परंतु लड़की नाबालिग होने के कारण आरोपी युवक को जेल भेज दिया। वहीं जेल भेजे गए उक्त युवक की बहन प्रेम विवाह करने के बाद भूना खंड के युवक को अपना पति स्वीकार करते हुए किसी भी कीमत पर उसे छोड़ने के लिए तैयार नहीं हुई। इसलिए दोनों भरी पंचायत में एक साथ जीने-मरने की दो टूक बात कहकर चले गए। दोनों बालिग हैं।
नाबालिग ने बार-बार गुमराह करने के लिए पुलिस को चकमा दिया
पॉक्सो एक्ट के मामले में हिरासत में लिए गए युवक व नाबालिग से पुलिस ने सवाल पूछे तो उन्होंने गुमराह किया। उन्होंने बताया कि दोनों ही जोड़ों ने घर से एक दूसरे को भगाने व प्रेम विवाह करने में मदद की थी। नाबालिग ने महिला पुलिस को बताया कि दोनों एक दूसरे को प्यार करते थे। जबकि मेरे भाई व जेल भेजे युवक की बहन का प्रेम प्रसंग पहले से चल रहा था। हम चारों ने मिलकर घर से भागकर प्रेम विवाह करने की योजना बनाई थी। मगर महिला पुलिस की जांच में उपरोक्त बात गलत साबित हुई।
कोट
12 मार्च को नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में टोहाना खंड के निवासी युवक पर केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया। आरोपी युवक को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया। नाबालिग के बयान कोर्ट में कलमबद्ध करवाए हैं। पुलिस के सवालों के जवाब देने में आरोपी युवक व नाबालिग ने गुमराह करने की कोशिश की। मगर सच्चाई आने के बाद मुकदमे के अनुसार कानूनी कार्रवाई की गई है।
-सब इंस्पेक्टर शिक्षा देवी, जांच अधिकारी