भूना। एडवोकेट के वृद्ध पिता जोगिंदर सिंह का घर। संवाद
भूना। पुलिस थाना से महज 20 फीट की दूरी पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट सिमरनजीत सिंह ने अपने ही 74 वर्षीय पिता पर जान से मारने की नीयत से लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि पिता की सूझबूझ से वारदात टल गई।
पिता सरदार जोगिंदर सिंह ने मामले बताया कि बेटे एडवोकेट सिमरनजीत ने उससे सोने के आभूषण मांगे थे। उन्होंने जब देने से इन्कार कर दिया तो वह गुस्से में आगबबूला हो गया और घर में रखी .32 बोर की लाइसेंसी बंदूक उठा लाया। आरोप है कि उसने पिता पर फायर कर दिया, लेकिन उसी वक्त जोगिंदर सिंह ने बंदूक की नली का रुख बदल दिया, जिससे गोली सीधी दीवार में बनी अलमारी में जा लगी। गोली की आवाज सुनते ही घर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के समय घर में मौजूद एडवोकेट की मां संतोष कौर ने डर के मारे घर से बाहर जाकर शोर मचाया। जिसके बाद कुछ ही देर में थाना प्रभारी ओमप्रकाश बिश्नोई मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। बुजुर्ग पिता जोगिंदर सिंह ने इसके बाद थाने में लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी बेटे सिमरनजीत सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
घटना के बाद दोपहर को परिवार के कुछ सदस्य कार्रवाई रोकने की बात करने लगे, लेकिन पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया जारी रखी। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी हुई है। फतेहाबाद से पहुंची सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। टीम ने दीवार और अलमारी से गोली के निशान और टूटे हिस्सों को कब्जे में लिए हैं।
जांच अधिकारी ओमप्रकाश बिश्नोई ने बताया कि एडवोकेट सिमरनजीत सिंह ने अपने पिता पर फायरिंग की, हालांकि गोली किसी को नहीं लगी। ऐन मौके पर बंदूक की नली का मुंह मोड़ देने से उनकी जान बच गई। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।