फतेहाबाद। परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) की त्रुटियों को ठीक करने के लिए जिला प्रशासन ने 22 जून तक गांवों और शहरों में शिविर लगवाने का निर्देश दिया है लेकिन सीएससी संचालक इन शिविरों के प्रति गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। यह शिविर लगाए जा रहे हैं। इस कारण शिविर में आने के बजाय सीएससी संचालक लोगों को अपने सेंटर पर ही बुलाते रहे। इस कारण शिविर के लिए प्रशासन से निर्धारित जगह पर लोगों को ताले लटके मिले।
शहर के जिस शिविर में सेंटर संचालक आए, वहां साइट न चलने की दिक्कत आती रही। ऐसे में भीषण गर्मी में आए लोगों के समाधान कम हुए और उन्हें परेशानी अधिक झेलनी पड़ी। प्रशासन के अनुसार शहर में नौ जगहों पर यह शिविर लगाए जा रहे हैं लेकिन इस संवाददाता ने जब तीन जगहों का निरीक्षण किया तो वहां कोई मौजूद नहीं मिला।
जिला प्रशासन की ओर से इन जगहों पर शिविर के लिए जिन सीएससी संचालकों के नाम और फोन नंबर जारी किए थे, उनसे फोन कर पूछा गया तो वे अपने सीएससी सेंटर पर मौजूद मिले। उन्होंने कहा कि अगर आपका कोई काम है तो हमारी दुकान पर आ जाओ। सीएससी संचालकों का कहना था कि जितने फरियादियों के नाम उनके पास आए हैं, वह उन्हें फोन कर अपने सेंटर पर ही बुला रहे हैं।
इन तीन स्थानों पर नहीं लगा शिविर
संवाददाता ने जब शहर के वाल्मीकि चौक पर बने कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में देखा तो यहां पर चौकीदार के अलावा कोई नहीं था। पूछने पर चौकीदार ने कहा कि वहां पर कोई शिविर नहीं लगा है। दूसरे शिविर स्थल राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में भी ताला लगा था। उसके बाद भट्टू रोड पर स्थित जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने भी शिविर के आयोजन के बारे में मना कर दिया। दिए गए फोन नंबर पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने ड्यूटी बदल दी है। इस कारण कई निर्धारित जगहों पर कोई शिविर नहीं लगा।
सीएससी संचालकों को नहीं मिली राशि
नाम न छापने की शर्त पर सीएससी संचालकों ने बताया कि पिछले साल से पीपीपी बनाए गए थे। हर पीपीपी बनाने के लिए एक राशि तय की गई थी लेकिन कई संचालकों को पीपीपी बनाने का भुगतान नहीं मिला। इस कारण जिला प्रशासन से ड्यूटी लगाने के बावजूद सीएससी संचालक शिविरों में नहीं जा रहे हैं। कई संचालकों ने बताया कि खुलकर विरोध करने पर उनकी आईडी बंद करने की चेतावनी दी जाती है।
आपके माध्यम से मामला मेरे संज्ञान में आया है। अगर कोई सीएससी संचालक पीपीपी के लिए प्रस्तावित शिविर में नहीं आया तो जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। सीएससी संचालकों की बकाया राशि भुगतान संबंधी कार्यवाही जारी है।
- सुरेश कुमार, जिला प्रभारी, परिवार पहचान पत्र, फतेहाबाद।