भूना। कचरा उठाने की कार्रवाई का विरोध करने पर सफाई कर्मचारियों को मौके से हटाते हुए पुलिसकर्मी।
भूना। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच प्रशासन ने सोमवार को शहर के 12 डंपिंग प्वाइंट से करीब 150 टन कचरा उठवाया। कार्रवाई का विरोध कर रहे 24 सफाई कर्मचारियों को पुलिस ने कुछ घंटे हिरासत में रखा। बाद में सभी को छोड़ दिया गया।
सुबह करीब सवा सात बजे प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ठेकेदार ने जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से कचरा उठाया। कचरा निस्तारण स्थल पर पहुंचाया गया। कई दिनों से कचरा जमा होने के कारण डंपिंग प्वाइंट और आसपास के क्षेत्रों में दुर्गंध फैल रही थी।
कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट बीडीपीओ ऋषभ सिंगल और कृषि विभाग के उपमंडल अधिकारी हिमांशु के नेतृत्व में हुई। डीएसपी नरसिंह बिश्नोई की मौजूदगी में नगर पालिका सचिव दीपक कुमार की अगुवाई में विभिन्न स्थानों से कचरा हटाया गया।
प्रशासन की टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और कॉलेज के पास, टेलीफोन एक्सचेंज, नेहरू पार्क, शिव कांवड़ संघ मंदिर, राजकीय कन्या स्कूल, फतेहाबाद रोड, टोहाना रोड, कुलां रोड, वाटर टाउन, मॉडल टाउन और हिसार रोड सहित कई स्थानों से कचरे के ढेर हटाए।
कचरा उठाने की कार्रवाई के दौरान हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने विरोध किया। शहर में पूरे समय भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस कारण कर्मचारी कचरा उठान का ज्यादा विरोध नहीं कर पाए।