फतेहाबाद। परिवार पहचान पत्र डेटाबेस में आय के नए स्रोत जोड़ने और सत्यापन की प्रक्रिया को सख्त किए जाने के बाद से आम नागरिकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नागरिक संसाधन सूचना विभाग के कार्यालयों में इन दिनों भीड़ लग रही है। लोग अपने कागजात दुरुस्त कराने और बढ़ी हुई आय के दावों को चुनौती देने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन यहां बैठने की उचित जगह नहीं होने के कारण समाधान के बजाय लोगों को परेशानी हो रही है।
सरकार की ओर से जारी नई कवायद जैसे बिजली बिल, फसल खरीद या अन्य व्यावसायिक लेनदेन और पीएम किसान निधि शामिल नाम आदि के स्रोत जुड़ गया है। समाज कल्याण विभाग और एडीसी कार्यालय के क्रीड कार्यालयों के चक्कर काट रहे बुजुर्ग व नागरिक रामअवतार, नत्थू, अमरपाल और जय सिंह आदि का कहना है कि उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। अधिकारियों उन्हें कार्यालय से दूसरे कार्यालय पर भेजा रहा है, जिससे उनकी समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं निकल पा रहा है।
क्रीड कार्यालय में पहुंचे नागरिक लक्ष्य ने बताया कि उनकी वार्षिक आय 1.80 लाख से कम है, अब पोर्टल पर आय 3 लाख से ज्यादा दिखा रहा है। इसके बारे में जब जानकारी लेने पहुंचे तो कर्मचारी समाधान शिविर में गए हुए थे। बैठने की जगह नहीं होने के कारण मुझे खड़े रहकर इंतजार करना पड़ रहा है। सरकार को इस प्रक्रिया को सरल बनाना चाहिए।
-
बुनियादी सुविधाओं का टोटा
क्रीड विभाग के स्थानीय कार्यालयों में सुविधाओं का अभाव है। बढ़ती भीड़ के अनुपात में वहां बैठने के लिए पर्याप्त जगह तक नहीं है। लोग घंटों खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करने को मजबूर हैं। कार्यालय पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने से लोगों को परेशानी होती है। इसको लेकर जिले के नागरिकों ने जिला प्रशासन से अपील है कि यहां बैठने की व्यवस्था की जाए ताकि जब तक उनकी बारी ना आए तब तक यहां बैठकर इंतजार कर सके।
-
पोर्टल पर बढ़ रहा है लोड
सरकार की ओर से आय के सत्यापन के लिए अब नए दस्तावेजों की मांग की जा रही है। बैंक स्टेटमेंट, बिजली बिल की रसीदें और शपथ पत्र जमा कराने के बावजूद पोर्टल पर डेटा अपडेट होने में लंबा समय लग रहा है। तकनीकी खामियों के चलते कई बार आवेदन रद्द हो जाते हैं, इससे लोगों को दोबारा पूरी प्रक्रिया दोहरानी पड़ती है। क्रीड के कर्मचारी प्रदीप ने बताया कि इससे वेबसाइट पर लोड बढ़ा हुआ है।
-
:: क्रीड के कर्मचारी सुबह 9 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक कार्यालय में तैनात रहते है। जिनको अपने कागजातों में किसी त्रुटि को दूर करवाना है। वह कार्यालय में पहुंचकर काम करवा सकता है। बैठने की सीटों के लिए प्रावधान की मांग रखी जाएगी।
-सुरेश कुमार, जिला प्रबंधक नागरिक संसाधन सूचना विभाग, फतेहाबाद।