भूना। कुलां रोड पर ढाणी डूल्ट बस स्टैंड के नजदीक 8 नवंबर की रात को ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट करके लूट मामले में पुलिस ने एक आरोपी को चांदपुरा हेड के पास से गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी पहले से जेल में और तीसरा अभी फरार है।
थान अध्यक्ष प्रदीप कुमार श्योराण व उनकी टीम ने घटनास्थल पर सामान की खरीदारी से संबंधित मिली पर्ची के आधार पर लुटेरे तक पहुंचने में सफलता हासिल की। पुलिस ने भूना के वार्ड 3 निवासी विक्की को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो लूट की वारदात का खुलासा हो गया। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर रामपाल खिलेरी ने आरोपी विक्की को बुधवार को न्यायालय में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया है।
बता दें कि गांव नाढोड़ी निवासी ट्रक ड्राइवर 28 वर्षीय सुनील कुमार घर पैदल ही लौट रहा था। रास्ते में उससे थ्री व्हीलर सवार दो युवकों ने 7300 रुपये लूट लिए। युवकों ने उसकी डंडों से भी पिटाई की, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। बाद में उसके भाई श्रवण कुमार ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
-
सामान की पर्ची से लुटेरों तक पहुंची पुलिस
थानाध्यक्ष प्रदीप श्योराण व पुलिस जांच अधिकारी रामपाल खिलेरी ने वारदात स्थल पर निरीक्षण किया तो उन्हें सामान की खरीदारी से संबंधित एक पर्ची हाथ लगी। इससे कड़ी से कड़ी जुड़ती गई और पुलिस लुटेरों तक पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी विक्की को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठ गया। आरोपी ने बताया कि लूट की वारदात उन्होंने ही की थी, उसके दो और साथी थे।