फिरौती से परेशान पशु व्यापारी नंगल की मंडी में एकजुट होकर रोष व्यक्त करते ग्रामीण। स्रोत : ग्रा
रतिया। गांव नंगल के पशु व्यापारी के तीन कारिंदों को गाड़ी सहित शनिवार रात अग्रोहा टोल पर पिस्तौल के बल पर धमका कर अगवा कर लिया गया। पशु व्यापारियों का आरोप है कि छोड़ने की एवज में 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी गई। इसके बाद 30 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने पर गाड़ी के चालक और कारिंदों को छोड़ा गया। इस संबंध में व्यापारियों नेे अग्रोहा थाने में घटना की शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना के संबंध में पशु व्यापारियों ने बताया कि शनिवार रात पशुओं से लदी गाड़ी अग्रोहा टोल प्लाजा के पास पहुंची। इस बीच आरोपियों ने उनकी गाड़ी को रुकवा लिया। गाड़ी में तीन लोग सवार थे। आरोपियों ने पिस्तौल के बल पर चालक को धमकाया और लेकर अन्यत्र स्थान पर ले गए। इस बीच आरोपियों ने 50 हजार फिरौती देने पर छोड़ने की शर्त रखी। इसके बाद 30 हजार देने पर ड्राइवर सहित तीनों को छोड़ा।
पशु व्यापारियों ने जताया आक्रोश
इस घटना की सूचना मिलने के बाद रविवार को क्षेत्र के पशु व्यापारी नंगल की पशु मंडी में एकत्रित हुए और बैठक की। बैठक में नंगल केे अलावा कई गांवों के पशु व्यापारियों ने भाग लिया। बैठक में पशु व्यापारियों से फिरौती मांगने, धमकियां देने वाले गिरोह पर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की गई। पशु व्यापारियों ने बढ़ते अपराध पर आक्रोश भी जताया।
जिला पार्षद प्रतिनिधि धोलू राम, पूर्व सरपंच पप्पू राम, नंगल के पूर्व सरपंच एवं भाजपा नेता छिंद्रपाल मजोका, हरियाणा ओड सभा के युवा प्रदेशाध्यक्ष छिंद्रपाल छिंदा नंगल, उपदेश आदि ने बताया कि पशु व्यापारियों को फिरौती मांगने वाले गिरोह की ओर से परेशान किया जा रहा है। पशु व्यापारियों से फिरौती मांगने, जान से मारने की धमकियां देने की घटनाएं हो रही हैं। पशु व्यापारी जब भी गाड़ियों में पशु लेकर जाते हैं उन्हें रास्ते में घेरकर फिरौती के लिए तंग व परेशान किया जाता है। पशु व्यापारियों ने कहा कि पिछले साल जनवरी माह में गांव सरदारेवाला की पशु मंडी में भी बदमाशों द्वारा गोलियां चलाई थीं। प्रतिनिधि मंडल ने फतेहाबाद में एसपी कार्यालय में भी शिकायत सौंपी है।
पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार ने बताया कि उक्त मामला संज्ञान में आया है। मामला अग्रोहा थाना क्षेत्र का है। हालांकि उनके पास अभी इस मामले में कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत आने पर मामले की जांच करवा कर उचित कार्रवाई की जाएगी।