संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। गांव हिजरावां कलां में महिला के घर में घुसकर 1.53 करोड़ रुपये चुराने के आरोप में पुलिस ने गांव मढ़ निवासी कृष्ण कुमार उर्फ काला को गिरफ्तार कर किया है। आरोपी शिकायतकर्ता महिला का रिश्तेदारी में जीजा है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। नकदी बरामद करने के लिए आरोपी को चार दिन के रिमांड पर लिया गया है।
सदर थाना प्रभारी प्रहलाद राय ने बताया कि गांव हिजरावां कलां निवासी गुरमीत कौर ने 20 मई कोनकदी चोरी की शिकायत दी थी। पुलिस टीम ने चोरी के साक्ष्य जुटाकर उक्त आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने चार अन्य लोगों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस को दी शिकायत में गुरमीत कौर ने बताया था कि 10 साल पहले उसके पति राज सिंह की मौत हो गई थी। अब वह अपने बच्चों 13 वर्ष की बेटी संदीप कौर व 9 साल के बेटे भरत सिंह के साथ अलग रहती है। उसके पिता और चाचा ने पिछले दिनों हिसार के बीड़ बगला क्षेत्र में जमीन बेची गई थी। इसके एक करोड़ 53 लाख रुपये उसके चाचा दलीप सिंह ने उसके पास रखे थे। 19 मई की रात्रि वह अपने बच्चों के साथ आंगन में सोई हुई थी। रात को 3 बजकर 45 मिनट पर अचानक गेट खुलने की आवाज सुनाई दी तो तीन-चार लोग उसने देखे। उसने शोर मचाया तो आरोपी भाग गए। इसके बाद उसके ससुर व पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। देखा तो कमरे के ताले टूटे थे और संदूक का कुंडा भी निकला हुआ था। संदूक से नकदी से भरे दो प्लास्टिक के बैग भी गायब थे। आरोप था कि अजीतसर निवासी उसके जीजा काला के पास उसके दूसरे जीजा मढ़ निवासी कृष्ण का फोन आया कि पुलिस के पास मत जाना, रुपये उसके पास है। इसके बाद वह कृष्ण की तलाश करते रहे, वह नहीं मिला।
पता न चले इसलिए वारदात के बाद चला गया था घर :
पुलिस के मुताबिक आरोपी कृष्ण को पता चल गया था कि उसके रिश्तेदार साली गुरमीत कौर के घर पर जमीन बिक्री की राशि आई है। इसके बाद उसने अपने साथियों को साथ लेकर वारदात को अंजाम दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह घर चला गया था और उसने राशि अपने साथियों को दे दी। अब साथी राशि लेकर फरार है।