भूना के गांव जांडलीकलां में नरमा की ढेरी से गिरने की वजह से किशोर गंभीर रुप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह परविंदर सिंह (13) पुत्र राजकुमार रोहिल अपने खेत की ढाणी के कमरे में नरमा की ऊंची ढेरी पर खेल रहा था। खेलते-खेलते वो सिर के बल जमीन पर आ गिरा। जिसके कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई। घायल होने पर दोनों बहनों ने शोर मचा दिया। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां कुछ देर बाद परविंदर ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंचे पुलिस जांच अधिकारी बहादुर सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना प्रभारी कपिल कुमार सिहाग ने बताया कि किशोर खेलते वक्त घर में नरमा की ढेरी से जमीन पर गिर गया था। जिसको गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई है।
किसान राजकुमार रोहिल व उसकी पत्नी कैंसर की बीमारी से जूझ रहे हैं। उनके दो बेटियां के बीच परिवंदर इकलौता बेटा था। बच्चे की 17 व 15 वर्षीय दोनों बहनों का रो रो कर बुरा हाल बना हुआ है।
जांडली कला के सरपंच ईश्वर सिंह, पूर्व सरपंच भलेराम, पूर्व सरपंच दलबीर सिंह, पूर्व सरपंच मंगतराम, पूर्व सरपंच रामस्वरूप, पूर्व सरपंच प्रताप सिंह व पंचायत सदस्य सुरेश कुमार आदि ने कैंसर पीड़ित किसान परिवार की सहायता करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि दंपति आखिरी स्टेज पर जिंदगी और मौत के बीच सांस ले रहा है। किसान के पास मात्र 3 एकड़ जमीन है इसलिए वह बीमारी का इलाज करवाने में भी असमर्थ है। उन्होंने डीसी से गुहार लगाई है कि प्रशासनिक स्तर पर किसान परिवार की आर्थिक मदद की जाए।