टोहाना। भूना रोड स्थित इंदिरा गांधी राजकीय महाविद्यालय के नए भवन के निर्माण की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने आंदोलन को तेज करते हुए सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ कॉलेज के गेट पर प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल, पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली एवं सांसद सुनीता दुग्गल का पुतला जलाकर विरोध जताया। सरकार से महाविद्यालय के भवन के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की गई।
परिषद के आयाम स्टूडेंट फॉर डेवलपमेंट के प्रदेश संयोजक संदीप समैन ने कहा कि मुख्यमंत्री, पंचायत मंत्री एवं सांसद को समस्या से अवगत करवाने के लिए एबीवीपी अनेक तरह के प्रयास कर चुकी है। मगर सरकार में बैठे लोगों पर कोई असर नहीं हो रहा है, इसलिए वीरवार 21 सितंबर को पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली, मुख्यमंत्री मनोहर लाल और सांसद सुनीता दुग्गल के लिए बुद्धि-शुद्धि यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। बुद्धि शुद्धि यज्ञ में विद्यार्थियों को पीले चावल भेंट कर आमंत्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार इस सप्ताह तक महाविद्यालय भवन निर्माण को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं देती है तो 26 सितंबर से अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया जाएगा और जब तक महाविद्यालय भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं होती तब तक अनशन खत्म नहीं किया जाएगा।
-
जिले में एक भी विश्वविद्यालय नहीं
संदीप समैन ने कहा कि प्रदेश में जिस भी दल की सरकार रही, जनता द्वारा स्थानीय विधायक भी उसी दल का चुना गया। उसके बावजूद टोहाना शिक्षा के क्षेत्र में दिन-प्रतिदिन पिछड़ता जा रहा है। जिले में एक भी विश्वविद्यालय नहीं है, उच्च शिक्षा के लिए हजारों विद्यार्थियों को हिसार या सिरसा जाना पड़ता है, जिससे उनका मानसिक एवं आर्थिक शोषण होता है। छात्र नेता सनी चौहान, नगर मंत्री शुभम, दीपक जांगड़ा, सुखविंदर राजपूत, अंकित शर्मा, लवप्रीत, सुरेंद्र, आशीष, रितिक, रमन ठाकुर, पवन ठाकुर आदि ने कहा कि आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
फोटो 11- महाविद्यालय के नए भवन के निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन कर सरकार का पुतला फूंकते एबीवीपी कार्यकर्ता।