रतिया (फतेहाबाद)। गांव पिलछियां में दो दोस्तों और नशा सप्लायर ने नशे की ओवरडोज देकर 28 वर्षीय युवक हरदेव की हत्या कर दी और शव को नहर के पास फेंक दिया। मृतक की पत्नी रमनदीप कौर की शिकायत पर सदर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। तीन बच्चों का पिता हरदेव मजदूरी करता था।
पुलिस को दिए बयान में हरदेव की पत्नी रमनदीप कौर ने बताया कि उनका पति नशे का आदी था। रविवार शाम पति के दो दोस्त सुखचैन और लक्खा उनके घर आए और गांव मीराणा जाकर सुरजीत सिंह से नशे के इंजेक्शन लाने की बात कही। इस दौरान मेरे पति ने अपने दोस्तों को बताया था कि सुरजीत नशे की दवाई के बकाया रुपये मांग रहा है लेकिन उनके दोनों दोस्त उनको बहलाफुसला कर अपनी बाइक पर बैठाकर सुरजीत के पास लेकर चले गए।
रमनदीप ने बताया कि जब उसके पति रातभर घर नहीं आए तो सोमवार सुबह वह उनके दोस्तों के घर पहुंची और अपने पति के बारे में पूछा। दोनों दोस्तों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके थोड़ी देर बाद ही सूचना मिली कि उनके पति का शव गांव में बंद पड़ी नहर की पटरी पर सफेदे के पास पड़ा है।
पुलिस और गांव के सरपंच बलजिंदर सिंह के साथ मौके पर जाकर उसने देखा कि उसके पति के मुंह, छाती, कमर और शरीर पर मारपीट के निशान थे। मुंह से सफेद लार निकली थी।
रमनदीप ने आरोप लगाया कि पति के दोनों दोस्त और सप्लायर ने मिलकर उसके पति हरदेव सिंह की पिटाई की और नशे की ओवरडोज देकर उसके पति की हत्या कर शव को नहर पर छोड़कर भाग गए। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर तीनों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।