पाइप लाइन डालने के लिए उखाड़ी गई अग्रवाल कॉलोनी की मुख्य सड़क, सड़क पर बिखरा रेता।
फतेहाबाद। अग्रवाल कॉलोनी की मुख्य सड़क पर जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा पेयजल पाइप लाइन डालने को लेकर सड़क के बीचोबीच बनाया गया गड्ढ़ा यहां के निवासियों की परेशानी का सबब बन चुका है। यहां पाइप लाइन तो डाल दी गई है, लेकिन बनाए गए गड्ढे में मात्र मिट्टी डालकर इसे बंद कर गया। सोमवार सुबह आई बारिश के कारण यह मिट्टी धंस गई और यहां पर जलभराव के कारण एक ट्राॅला चालक गड्ढे को नहीं दिखा पाया और पलट गया। जिससे ट्राॅले में भरा रेता सड़क पर ही बिखर गया। वहीं रात के समय भी यह गड्ढ़ा हादसों का सबब बन सकता है, क्योंकि गड्ढों में पानी भरा हुआ है और वाहन चालकों को पता नहीं चल पाएगा कि गड्ढ़े कितने गहरे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अग्रवाल काॅलोनी की मुख्य चौड़ी सड़क के पास दो नंबर गली में पिछले कई दिनों से पेयजल की परेशानी थी। पाइप लाइन छोटी होने के कारण लोगों के घरों में पानी नहीं जा रहा था। जन स्वास्थ्य विभाग ने छह दिन पहले यहां पर मुख्य सड़क को तोड़कर नई पाइप लाइन डाली थी। इसके बाद गड्ढे को मिट्टी से तो भर दिया गया, लेकिन इस गड्ढे पर सीमेंट से पेच वर्क नहीं किया था। चार दिनों से सड़क इसी प्रकार पड़ी थी। सोमवार सुबह आई बारिश के कारण यहां पर जलभराव हो गया और पानी के कारण इस गड्ढे में भरी मिट्टी खिसक गई। यहां पर दो बड़े-बड़े गड्ढे भी बन गए।
सुबह इस गली से अग्रवाल कॉलोनी की ओर जा रहा रेते से भरा ट्राॅला चालक इस गड्ढे को नहीं देख पाया और वह सड़क पर ही पलट गया। गनीमत रहा कि उस समय सड़क पर कोई अन्य वाहन चालक नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा भी हो सकता था। ट्राले को करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्रेनों के माध्यम से सड़क से हटाया गया, वहीं सड़क के बीचोंबीच ही रेता बिखरने से यह रास्ता पूरी तरह से ब्लॉक हो गया। इसके बाद ट्रैक्टर ट्रालियों के माध्यम से रेते को हटाया गया। इस दौरान करीब आठ घंटे तक यह रोड बिल्कुल जाम रहा। अग्रवाल कॉलोनी वासियों ने बताया कि यह बड़ी सड़क कॉलोनी की अन्य गलियों से जुड़ती है, जिस कारण यहां पर वाहनों का आवागमन रहता है, जिस कारण गड्ढे की वजह से हादसा भी हो सकता है।
अग्रवाल कॉलोनी की मुख्य सड़क से लगती गली में पेयजल के लिए पाइप लाइन बिछा दी गई है। सोमवार को बारिश की वजह से यहां पर बने गड्ढे की मरम्मत नहीं की जा सकी। मंगलवार को यह पैच वर्क का काम कर दिया जाएगा।
-सतपाल सिंह, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग, फतेहाबाद।