संवाद न्यूज एजेंसी
टोहाना। गौरव ट्रेडिंग कंपनी में बुधवार शाम को लूट की सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस की 4 टीमें आरोपियों को तलाश कर रही थीं। एक आरोपी उदित को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। शनिवार सुबह 5 बजे हिसार रोड पर हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मास्टरमाइंड कमल उर्फ बच्ची है और तीसरे आरोपी मोनू को काबू कर लिया।
एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि 4 फरवरी को शाम लगभग 6:30 टोहाना बस स्टैंड के सामने स्थित थोक किराना विक्रेता गौरव ट्रेडिंग कंपनी की दुकान पर तीन युवकों ने पिस्तौल के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के समय धीरज मेहता अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए नकदी सौंपने की मांग की।
हथियार देखकर दुकानदार घबरा गया और डर के कारण लगभग 1.50 लाख रुपये आरोपियों को सौंप दिए। लूट की वारदात को अंजाम देने के पश्चात आरोपी हवाई फायर करते हुए बाइक पर सवार होकर मौके से भाग गए थे।
-
डीएसपी के नेतृत्व में बनी चार टीमें:
वारदात की सूचना मिलते ही सीआईए टोहाना एवं थाना शहर टोहाना की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। डीएसपी उमेद सिंह के नेतृत्व में चार टीमें गठित की गईं। पुलिस की टीम ने 5 फरवरी को लूट के एक आरोपी उदित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचने के प्रयास में आरोपी भागते हुए गिर गया, इससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। पूछताछ में आरोपी से उसके दो अन्य साथियों की पहचान हुई। बाकी दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमों लगातार दबिश दे रही थी।
-
दोनों आरोपियों का मिला आपराधिक रिकॉर्ड :
गीता कॉलोनी का वासी आरोपी कमल उर्फ बच्ची बॉक्सर गैंग का गुर्गा है। जबकि तिलक नगर निवासी मोनू भी उसके साथ रहता है। बच्ची के विरुद्ध रेस्टोरेंट बी-13 पर फायरिंग कर रंगदारी मांगने का केस दर्ज है। जांच में दोनों आरोपियों के खिलाफ अन्य आपराधिक रिकॉर्ड भी अंकित पाए गए हैं। आरोपी कमल ने ही उदित को इस वारदात में शामिल किया है।
-
पुलिस को देख चलाई गोली
एसपी ने बताया कि वारदात के मास्टरमाइंड कमल उर्फ बच्ची ने 6 फरवरी अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर लूट की घटनाओं के बारे में धमकी भरी पोस्ट डाली। इस पर पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम ने संज्ञान लेते हुए तकनीकी जानकारी जुटाई। 7 फरवरी को सुबह सीआईए इंचार्ज अशोक कुमार की टीम को सूचना मिली कि दोनों आरोपी हिसार रोड पर टाउन पार्क के पास बाइक पर सवार होकर घूम रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी तथा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई की में आरोपी कमल उर्फ बच्ची व मोनू उर्फ मोनी के पैर में गोलियां लगीं।
-
दोनों पर दर्ज हैं 9 केस
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी मोनू के खिलाफ सात केस दर्ज हैं। मोनू के खिलाफ 8 अगस्त 2024 को शहर थाना टोहाना में, 12 अगस्त 2024, 4 नवंबर 2023 को और 4 फरवरी 2026 को टोहाना थाना में प्राथमिकी दर्ज है। जींद जिले के नरवाना में 23 जून 2024 और सिरसा जिले में 27 अगस्त 2024 को केस दर्ज है। कमल उर्फ बच्ची पर 17 दिसंबर 2023 को टोहाना शहर में तथा हिसार के उकलाना में 18 दिसंबर 2025 को केस दर्ज है।
-
पुलिस हिरासत में आरोपियों को अअग्रोहा ले जाते हुए। पुलिस प्रवकता।